Archived

बिहार कांग्रेस की बैठक में हंगामा: अशोक चौधरी के साथ धक्का-मुक्की, लगे मोदी जिंदाबाद के नारे

Vikas Kumar
9 Oct 2017 1:29 PM GMT
बिहार कांग्रेस की बैठक में हंगामा: अशोक चौधरी के साथ धक्का-मुक्की, लगे मोदी जिंदाबाद के नारे
x

पटना : बिहार में महागठबंधन टूटने के बाद कांग्रेस में उठा आंतरिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह विवाद सोमवार को उस समय और गहरा गया, जब प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी के प्रतिनिधि सम्मेलन में वर्तमान अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष के समर्थकों के बीच जमकर हाथापाई हुई और हंगामा हुआ।

दरअशल बिहार में प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए कांग्रेस नेता अशोक चौधरी ने कांग्रेस प्रतिनिधि सम्मेलन का बहिष्कार किया है। सम्मेलन छोड़कर बाहर निकले पूर्व अध्यक्ष चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ मारपीट का आरोप लागते हुए पत्रकारों से कहा कि राजद के लोगों को बुलाकर पुराने कांग्रेसियों को पिटवाया गया है। इस दौरान कुछ समर्थकों के कपड़े भी फटे हुए थे।

अशोक चौधरी के बैठक में पहुंचने पर हंगामा हो गया। अशोक के समर्थकों और विरोधियों में जमकर नारेबाजी होने लगी। दोनों गुट एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। अशोक चौधरी ने कहा, 'प्रतिनिधियों की सूची जानबूझकर बदली गई है और दूसरी पार्टियों से आए लोगों को पैसा लेकर प्रतिनिधि बनाया गया। पार्टी को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, मैं इसकी शिकायत राहुल गांधी से करुंगा।

आरोप है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी के समर्थकों के साथ मारपीट की गई। सम्मेलन से पहले ही कार्यालय के अंदर मीडिया और बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि बैठक के शुरू होने के बाद ही वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी और पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी की।

इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के प्रवेश द्वार पर रोक लगाए जाने के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और PM नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान अशोक चौधरी के साथ ही उनके गुट के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। हंगामा बढ़ने के बाद सदाकत आश्रम के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Next Story