Archived

राजद की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राबड़ी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, शहाबुद्दीन बाहर पत्नी को मिली जगह

Arun Mishra
7 Feb 2018 12:37 PM GMT
राजद की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राबड़ी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, शहाबुद्दीन बाहर पत्नी को मिली जगह
x
File Photo
राष्ट्रीय जनता दल की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के ऐलान पर जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने तंज कसा है।
पटना : राष्ट्रीय जनता दल की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित कर दी गई है। लालू की इस नई टीम में राबड़ी देवी और रघुवंश सिंह समेत पांच राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आठ महासचिव बनाए गए हैं तो वहीं कमर आलम को प्रधान महाससहिव बनाया गया है। इस कार्यकारिणी की सबसे बड़ी बात यह है कि नई टीम में जेल में सजा काट रहे मोहम्मद शहाबुद्दीन को आउट कर दिया गया है, लेकिन वहीं उनकी पत्नी हिना खान को टीम में जगह मिली है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के रूप में पार्टी में परिवार के लोगों को जगह मिली है। लालू की विरासत संभाल रहे तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती, प्रेमचंद गुप्ता, बुलो मंडल, राम जेठमलानी, अब्दुल बारी सिद्दीकी, शहाबुद्दीन की पत्नी हेना शहाब और एमएए फातिमी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों में पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम, गौतम सागर राणा और अब्दुल गफूर भी शामिल हैं।

जदयू ने कसा तंज -
राष्ट्रीय जनता दल की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के ऐलान पर जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राजद की इस लिस्ट से साबित हो गया है कि राजद में परिवार का बोलबाला है। कार्यकारिणी में दामाद को भी शामिल कर लेन चाहिए था।

संजय सिंह ने कहा कि पार्टी का नाम बदलकर लालू यादव पार्टी कर लेना चाहिए। इस लिस्ट में पार्टी के कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया गया है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद राजद में भगदड़ होगी। जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद जेल से पार्टी चला रहे हैं.वो कुछ भी कर लें 2020 में राजद की बुरी तरह से हार होगी।
Next Story