Archived

मोदी सरकार दे रही 2 लाख का इनाम, घर बैठकर सिर्फ करना होगा ये काम

Vikas Kumar
9 Nov 2017 7:09 AM GMT
मोदी सरकार दे रही 2 लाख का इनाम, घर बैठकर सिर्फ करना होगा ये काम
x
नोटबंदी के एक साल पुरे होने पर मोदी सरकार आपको 2 लाख रुपए तक का इनाम दे रही है, आपको इसके लिए घर बैठकर सिर्फ ये काम करना होगा कि...

नई दिल्ली : नोटबंदी के एक साल पुरे होने पर मोदी सरकार आपको 2 लाख रुपए जितने का मौका दे रही है। आपको इसके लिए घर बैठकर सिर्फ ये काम करना होगा। इसके लिए आप 30 नवंबर तक अप्लाई कर सकते है। जानिए उसका पूरा प्रोसेस क्या है।

दरअसल सरकार इसके लिए एक प्रतियोगिता करा रही है। इसमें आप भी हिस्सा ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता के विजेता को सरकार की तरफ से 2 लाख रुपए का इनाम मिलेगा। इसके अलावा दूसरे नंबर के प्रतिभागी को एक लाख और तीसरे नंबर के प्रतिभागी को 50 हजार रुपए जबकि 25-25 हजार रुपए के 5 सांत्‍वना पुरस्‍कार भी दिए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है। इसके लिए आप 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

ऐसे करें आवेदन

इस प्रतियोगता में भाग लेने के लिए आपको http://mygov.in पर ऑनलाइन अप्‍लाई करना होगा। इसके लिए आप इस लिंक पर अप्‍लाई कर सकते हैं। https://www.mygov.in/task/combating-corruption-battling-black-money-competitions/ यहां क्लिक कर संबंधित प्रतियोगिता के लिए आवेदन करें।

इस प्रतियोगता को चार कैटेगिरी में बांटा गया है। पहली कैटेगरी निबंध लेखन है, दूसरी आर्ट वर्क, तीसरी वीडियो प्रतियोगिता और चौथी कविता लेखन है। हर कैटेगिरी के लिए अलग अलग नियम बनाए गए हैं। जिस वेबपेज पर प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी दी गई है, उस पेज के लास्ट में चार लिंक दिए गए हैं। इन पर क्लिक कर आप कैटेगरी वाइज नियम व शर्तें पढ़ सकते हैं। आगे जानिए कैटेगरी और उनसे जुड़ी अन्य जानकारियां।

निबंध प्रतियोगिता : पहली कैटेगरी निबंध लेखन है। आपको इसमें न्यूनतम 1200 शब्दों में नोटबंदी की यादें, उससे होने वाले फायदे के बारे में बताना है। इसके अलावा आपको मोदी सरकार के फाइट अगेंस्‍ट करप्‍शन एंड ब्‍लैक मनी के अभियान की उपलब्धियां और हाइलाइट बतानी होगी। आपको इसमें अपना सुझाव देना होगा कि सरकार इस लड़ाई को कैसे आगे बढ़ा सकती है। अभ्यर्थी को फॉन्ट साइज 12 में लिखकर अपना लेख पीडीएफ फॉर्मेट में सेव करना होगा और http://mygov.in पर लॉगिन कर अपलोड करना होगा।

कॉर्टून और पोस्टर : दूसरी कैटेगरी आर्ट वर्क (Artwork) है। आप कालेधन और करप्‍शन के खिलाफ लड़ाई में हिस्‍सेदारी निभाने के लिए कोई क्रिएटिव आर्ट वर्क, कैरिकेचर, कार्टून या पोस्‍टर बना सकते हैं। आपको इसके लिए 4 MB की फाइल में PDF/PNG/JPEG फार्मेट में सेव कर http://mygov.in पर अपलोड करना होगा।

वीडियो कॉम्पटीशन : तीसरी कैटेगरी वीडियो कॉम्पटीशन है। यदि आपको वीडियो बनाने में महारथ हासिल हैं तो आप काले धन और भ्रष्टाचार के सरकार की लड़ाई की अचीवमेंट या सुझाव का वीडियो बनाकर 2 लाख रुपए तक जीत सकते हैं। वीडियो बनाने की शर्त यह है कि इसकी अधिकतम अवधि 4 मिनट हो। इसका आपको यूट्ब लिंक शेयर करना होगा।

कविता लेखन : यदि आपको कविता लेखन में रुचि है। तो आप एक एंथम तैयार कर सरकार की काले धन के खिलाफ मुहिम को नया रूप दे सकते हैं। यदि सरकार को आपकी कविता पसंद आई तो आप इनाम के हकदार होंगे।

गौरतलब है आठ नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में प्रचलित 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करने की घो‍षणा की थी, जिसे अब एक साल हो चुका है। एक साल पूरा होने पर सरकार और उसके सहयोगी दल नोटबंदी के तमाम फायदे गिना रहे हैं, सरकार ने इस एक साल को जश्न के रूप में मनाया। सरकार का मानना है कि यह एक बड़ी उपलब्धि है और काले धन पर लगाम लगाने के लिए यह जरूरी था। वहीं विपक्षी पार्टियां नोटबंदी को देश की अर्थव्यस्था के लिए नुकसान बता रही हैं।

रविशंकर प्रसाद का तंज, 'कांग्रेस को कालेधन से है प्यार, ईमानदारी से लगता है डर'

Next Story