Archived

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सरोज पांडे का ऐलान!

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सरोज पांडे का ऐलान!
x
नई दिल्ली : केरल में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं की हो रही हत्या के खिलाफ भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने मा‌र्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक देश विरोधी विचारधारा, राष्ट्रवाद की आवाज को दबाना चाहती है लेकिन भाजपा का इतिहास बलिदानों से भरा पड़ा है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय इस परंपरा की मिसाल हैं, जब तक देश को तोड़ने की साजिश रचने वाली वामपंथी विचारधारा पर पूर्ण विराम नहीं लगेगा, तब तक राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं का आदोलन जारी रहेगा।
जन रक्षा यात्रा के अंतिम दिन प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम पराशर झा के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय से पद यात्रा निकालकर माकपा कार्यालय पहुंची। महिलाओं ने थाली बजाकर विरोध जताया और माकपा और केरल सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सरोज पांडे ने कहा कि केरल में भाजपा व संघ के कार्यकर्ता राष्ट्र की आराधना में लगे हैं। देश विरोधी वामपंथी विचारधारा को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है इसलिए हमेशा राष्ट्र के टुकड़े-टुकड़े करने की साजिश रचने वाले वामपंथियों ने राष्ट्रवादियों की हत्या करनी शुरू कर दी है। वे बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गो की भी हत्या कर रहे हैं इसलिए अब भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने वामपंथ को खत्म करने का संकल्प लिया है। जरूरत पड़ने पर वे भवानी का रूप धारण कर राष्ट्रवाद की राह में रोड़ा बनने वालों को खत्म करेंगी।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि केरल की बहनों ने बहुत कुछ खोया है। जरूरत पड़ी तो पूरे देश की महिला कार्यकर्ता केरल कूच करेंगी। जन रक्षा यात्रा के संयोजक और प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि केरल हिंसा के विरोध में आयोजित जन रक्षा यात्रा को दिल्ली के हर वर्ग और समाज का पूरा सहयोग मिला।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लतिका शर्मा, प्रदेश मंत्री शोभा उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष अंजली राणा, महिला मोर्चा की प्रभारी विशाखा शैलानी,लता गुप्ता, सहित अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।
Next Story