Archived

मनचलों को पकड़ने के लिए पुलिस का नया तरीका, 14 मनचलों को पकड़ा

Vikas Kumar
23 Sep 2017 8:45 AM GMT
मनचलों को पकड़ने के लिए पुलिस का नया तरीका, 14 मनचलों को पकड़ा
x
अब मनचलों की खैर नहीं, पुलिस ने मनचलों को पकडऩे के लिए एक नया तरीका निकाला है, पुलिस ने 14 मनचलों को पकड़ा...

अहमदाबाद : मनचलों को पकडऩे के लिए अलग-अलग राज्‍यों की पुलिस समय-समय पर एक नया कदम उठाती रहती हैं। इसी क्रम में गुजरात पुलिस ने मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए एक नया तरीका निकाला है।

गुजरात में नवरात्र पर 'डाडिया' का काफी महत्‍व है। गुजरात में नवरात्र के दौरान गरबा की धूम है। सभी लोग गरबा के रंग में रंगे हुए हैं लेकिन इस दौरान लड़कियों को छेड़छाड़ का सामना भी करना पड़ता है। यहां नवरात्र उत्‍सव में पुलिस को अक्‍सर छेड़छाड़ की शिकायते मिलती थी।

लेकिन इस बार महिलाओं को छेड़छाड़ से निजात दिलाने के लिए गुजरात पुलिस ने एक नई पहल की है। इस बार 21 सितंबर से शुरू हुए नवरात्री उत्‍सव में महिला पुलिसकर्मी लहंगा-चुनरी पहनकर खुद गरबा में शामिल हो गई। जिस दौरान इसका फायदा यह हुआ कि पुलिस ने 14 मनचलों को छेड़छाड़ करते पकड़ा और उसे हवालात में डाल दिया।

सीजी रोड पर आयोजित एक पंडाल में गरबा के दौरान एक युवक ने चनिया चोली पहने एक युवती को देखकर सीटी बजा दी। इसके बाद युवती ने अपने साथियों के साथ उसकी कॉलर पकड़ ली और उसे अपना पुलिस आइडेंटिटी कार्ड दिखाया, जिसे देख उसके होश उड़ गए। इसी तरह अलग-अलग जगह से पुलिस ने कुल 14 मनचलों की धरपकड़ की। हालांकि पकड़े गए मनचलों को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।

महिला एसीपी पन्ना मोमाया ने बताया कि मनचलों की धरपकड़ के लिए हमने पहले ही योजना तैयार कर ली थी। इस योजना के लिए 20 महिला पुलिसकर्मियों का चयन हाल ही में गुजरात पुलिस में हुआ है। इन सभी को मनचलों को पकड़ने के लिए पहले ट्रेनिंग दी गई थी।

Next Story