Archived

दिल्ली में छिपी है हनीप्रीत! हरियाणा पुलिस ने मारा छापा

Arun Mishra
26 Sep 2017 4:54 AM GMT
दिल्ली में छिपी है हनीप्रीत! हरियाणा पुलिस ने मारा छापा
x
हनीप्रीत के वकील प्रदीप आर्य ने दावा किया कि वह दिल्ली में ही है और सोमवार को लाजपत नगर में उनके दफ्तर में उनसे मिलने आई थी। वकील के मुताबिक हनीप्रीत जरूरी कागजात पर साइन करके चली गई।
नई दिल्ली : हरियाणा पुलिस ने राम रहीम की करीबी हनीप्रीत, डेरा प्रवक्ता आदित्य इंसा और पवन इंसा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। यह वारंट अक्टूबर के अंत तक प्रभावी रहेगा, यदि इस दौरान आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए, तो उन्हें भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया जाएगा। पुलिस की एक टीम हनीप्रीत की तलाश में दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में छापा मार रही है।
बता दें कि हनीप्रीत के वकील प्रदीप आर्य ने दावा किया कि वह दिल्ली में ही है और सोमवार को लाजपत नगर में उनके दफ्तर में उनसे मिलने आई थी। वकील के मुताबिक हनीप्रीत जरूरी कागजात पर साइन करके चली गई। हनीप्रीत ने अंतरिम अग्रिम जमानत की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
आर्य ने कहा कि डेरा प्रमुख राम रहीम को दोषी करार दिए जाने और अपने और राम रहीम के बीच के रिश्ते को अलग रूप में दिखाए जाने को लेकर हनीप्रीत बेहद आहत है। आर्य बोले, 'हम इस केस में तुरंत सुनवाई की मांग कर रहे हैं। शुरुआत में उनके खिलाफ देशद्रोह का आरोप लगाया गया। उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गलत हैं।'
वकील आर्य के मुताबिक, हनीप्रीत के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 151, 152, 153, 1208 और 121ए के तहत केस दर्ज किए गए हैं। हनीप्रीत इंसा उसी दिन से लापता हैं, जिस दिन डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रोहतक की जेल भेजा गया।
हनीप्रीत का नाम उन 43 मोस्ट वांटेड की लिस्ट में टॉप पर है, जिनकी हरियाणा पुलिस को राम रहीम को रेप के मामलों में दोषी ठहराने जाने के बाद हुई हिंसा की घटनाओं के संबंध में तलाश है। इससे पहले पुलिस ने हनीप्रीत के खिलाफ एक लुकआउट नोटिस जारी किया था। राम रहीम को पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने 25 अगस्त को दोषी ठहराया था। उसके बाद हरियाणा के पंचकूला और सिरसा जिलों में काफी हिंसा और आगजनी हुई थी, जिसमें 41 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।
Next Story