राष्ट्रीय

US : सदी का सबसे भीषण बर्फीला तूफान, 7600 फ्लाइट रद्द - जनजीवन प्रभावित

Special News Coverage
23 Jan 2016 6:50 AM GMT
snow storm


वॉशिंगटन : अमेरिका में सदी का सबसे भीषण बर्फीला तूफान आया है। सड़कों पर एक से दो फीट तक बर्फ जमी है। मेट्रो और बस सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। तूफान की वजह से करीब 7600 फ्लाइट रद्द कर दी गई। अमेरिकी प्रशासन ने अपने छह राज्यों में आपातस्थिति घोषित कर दी है। तूफान ने राजधानी वाशिंगटन डीसी समेत देश के पूर्वी तट के अधिकतर हिस्से को प्रभावित किया, ह्वाइट हाउस ने राष्ट्रपति बराक ओबामा की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

मौसम विभाग की चेतावनी में आने वाले दिनों में जमीन पर 30 इंच मोटी बर्फ बिछने की आशंका जताई गई है। बर्फबारी के चलते जहां एक तरफ वाशिंगटन बंद है वहीं सड़कों पर एक से दो फीट तक बर्फ जमी है। तूफान के चलते 1.2 लाख से भी ज्यादा घरों से बिजली गायब है और लाखों लोगों का जीवन एक तरह से पंगु हो गया है।


वाशिंगटन डीसी के अलावा इस तूफान के कारण जो राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, वे हैं- उत्तर कैरोलाइना, टेनेसी, मैरीलैंड, वर्जीनिया, फिलाडेल्फिया, न्यू जर्सी और न्यू यॉर्क। हालिया जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बर्फ के इस भयंकर तूफान ने तेज हवाओं के साथ क्षेत्र में कई इंच मोटी बर्फ बरसानी शुरू कर दी। इसके कारण 1.2 लाख से ज्यादा घरों से बिजली चली गई। अगले दो दिन मौसम ऐसा ही बने रहने की आशंका है। 73 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

इलाके के सभी स्कूल, कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कुछ सरकारी दफ्तर भी बंद रखे गए हैं। लोगो को हिदायत दी गई है कि वो घरों से बाहर ना निकलें। इस बर्फीले तूफान के कारण हफ्ते के आखिर पर रिकॉर्ड 30 इंच की बर्फबारी की आशंका के चलते वाशिंगटन डीसी और क्षेत्र के लगभग छह अन्य राज्यों में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है।
Next Story