राष्ट्रीय

मिस्र में एक साथ 15 आतंकियों को दी गई फांसी

Vikas Kumar
27 Dec 2017 11:00 AM GMT
मिस्र में एक साथ 15 आतंकियों को दी गई फांसी
x
मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप में सुरक्षा बलों पर हमला कर उनकी हत्या करने के मामले में दोषी करार दिए गए 15 आतंकवादियों को फांसी की सजा दे दी गई..

काहिरा : मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप में सुरक्षा बलों पर हमला कर उनकी हत्या करने के मामले में दोषी करार दिए गए 15 आतंकवादियों को फांसी की सजा दे दी गई। ये आतंकवादी 2013 में देश के पूर्वोत्तर में हुए एक हमले के दोषी थे, जिसमें नौ सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि इन 15 आतंकवादियों को मंगलवार को दो जेलों में फांसी दी गई। हमलों को लेकर दोषी करार दिए जाने के बाद वे इन्हीं जेलों में बंद थे।

अधिकारी ने बताया कि 11 दोषियों को बुर्ज अल-अरब कारागार में फांसी दी गई, जो अलेक्जेंड्रिया के दक्षिण पश्चिम में 55 किलोमीटर दूर स्थित है। बाकी चार दोषियों को वादी अल-नतरुन कारागार में फांसी दी गई। यह कारागार काहिरा से पश्चिम कोई 120 किलोमीटर दूर स्थित है।

मिस्र में पिछले कुछ वर्षों में पहली बार एकसाथ इतने लोगों को फांसी दी गई। साल 2015 में छह लोगों को फांसी दी गई थी। सभी कैदी आठ सैनिकों और एक अधिकारी की हत्या करने के लिए दोषी ठहराए गए थे।

बता दें कि इन सभी ने उत्तर सिनाई क्षेत्र की राजधानी, अल-आरिश शहर में एक सैन्य चौकी पर हमला किया था। एक सैन्य अदालत ने जून 2015 में 15 लोगों को दोषी ठहराया था और एक अपीली अदालत ने इस वर्ष 13 नवंबर को फैसले को बरकरार रखा था।

Next Story