राष्ट्रीय

अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्कूल के पास फायरिंग, 5 की मौत, कई घायल

Vikas Kumar
15 Nov 2017 6:45 AM GMT
अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्कूल के पास फायरिंग, 5 की मौत, कई घायल
x

कैलिफोर्निया : अमेरिका के उत्तरी कैलिफॉर्निया के एक प्राथमिक स्कूल सहित कई इलाकों में एक बंदूकधारी द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि पुलिस ने हमलावर को मार गिराया है।

दो अस्पतालों ने बताया कि वे सात लोगों का इलाज कर रहे हैं। इनमें कम से कम तीन बच्चे शामिल हैं। खबर के मुताबिक रैंचो तेहामा स्कूल के पास गनमैन ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उस समय लोग अपने बच्चों को स्कूल छोड़ रहे थे। इस फायरिंग में बच्चे भी घायल हुए हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों में कोई बच्चा शामिल नहीं है।

एक अधिकारी ने बताया कि हमलावर ने पहले अपने पड़ोसी की गाड़ी चुराई। उसके बाद उसने स्कूल में घुसने की कोशिश की। स्कूल लॉक होने की वजह से वह इसमें सफल नहीं हो पाया। स्कूल के नजदीक फायरिंग के बाद वह आगे बढ़ा। एक जगह उसकी गाड़ी लड़ गई। इसके बाद उसने दूसरी गाड़ी चुराई। इसी दौरान पुलिस ने उसे मार गिराया। हमलावर ने मिलिटरी स्टाइल की वेस्ट पहन रखी थी।

तेहामा काउंटी के शेरिफ ने बताया कि यहां स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे हमला किया गया। हमलावर ने स्कूल से पहले भी दूसरी जगहों पर फायरिंग की। हालांकि अबतक गोलीबारी के पीछे की वजह पता नहीं चल पाई है। काउंटी शेरिफ के मुताबिक एक बच्चे को स्कूल में गोली लगी। दूसरा बच्चा अपनी मां के साथ कार में निशाना बना। हालांकि बच्चे की हालत ठीक है पर मां गंभीर रूप से घायल है।

Next Story