राष्ट्रीय

क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो के बड़े बेटे ने की आत्महत्या, ये है वजह

Vikas Kumar
2 Feb 2018 8:05 AM GMT
क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो के बड़े बेटे ने की आत्महत्या, ये है वजह
x
क्यूबा के क्रांतिकारी नेता और पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो के बड़े बेटे फिदेल एंजेल कास्त्रे डियाज बलार्ट ने हवाना में आत्महत्या कर ली है। उन्हें 'फिदेलिटो' नाम से जाना जाता था।

नई दिल्ली : क्यूबा के क्रांतिकारी नेता और पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो के बड़े बेटे फिदेल एंजेल कास्त्रे डियाज बलार्ट ने हवाना में आत्महत्या कर ली है। 68 वर्ष के कास्त्रो डियाज बलार्ट का शव गुरुवार सुबह मिला। वह अवसाद से जूझ रहे थे।

कास्त्रो डियाज बलार्ट को 'फिदेलिटो' नाम से जाना जाता था। वह फिदेल कास्त्रो की पहली संतान थे। पूर्व राष्ट्रपति फिदल कास्त्रो का नवंबर 2016 में निधन हो गया था।

कास्त्रो डियाज बलार्ट क्यूबा काउंसिल ऑफ स्टेट के वैज्ञानिक सलाहकार थे। वह क्यूबा की अकादमी ऑफ साइंसेज के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने जीवनकाल में कई किताबें लिखीं। वह एक वैज्ञानिक थे जिन्होंने पूर्व सोवियत संघ में प्रशिक्षण लिया था।

खबर के मुताबिक, कास्त्रो डियाज बलार्ट परमाणु भौतिकशास्त्री के तौर पर कार्य कर रहे थे। क्यूबा के आधिकारिक समाचार पत्र ग्रानमा के मुताबिक, 'फिदेल कास्त्रो डियाज बलार्ट ने आज सुबह आत्महत्या कर ली। डॉक्टरों का एक समूह पिछले कई महीनों से उनका इलाज कर रहा था। वह अवसाद से जूझ रहे थे।'

टेलीविजन पर प्रसारित ऐलान के मुताबिक, उनका परिवार उनके अंतिम संस्कार की तैयारी करेगा लेकिन अभी इसके बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Next Story