राष्ट्रीय

लेबनान के PM साद हरीरी ने अपने पद से दिया इस्तीफा, बताया 'जान को खतरा'

Vikas Kumar
7 Nov 2017 6:30 AM GMT
लेबनान के PM साद हरीरी ने अपने पद से दिया इस्तीफा, बताया जान को खतरा
x

रियाद : लेबनान के प्रधानमंत्री साद हरीरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सऊदी अरब की अपनी यात्रा के दौरान अपने जान को खतरा बताते हुए अप्रत्याशित रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

उनके इस हैरान करने वाले कदम से देश बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच अनिश्चितताओं से घिर गया है। उन्होंने रियाद से टेलीविजन संबोधन के जरिए अपने फ़ैसले की जानकारी दी। साथ ही अपने संबोधन में अरब मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए ईरान और लेबनानी हिज्बुल्ला समूह के खिलाफ जोरदार हमला करते हुए कहा कि क्षेत्र में ईरान की बांहें काट दी जाएंगी। उन्होंने ईरान पर पूरे क्षेत्र में कोलाहल, तनाव एवं विध्वंस फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा, ईरान क्षेत्र में जिस बुराई का प्रसार कर रहा है, वह उलटे उसपर ही आघात करेगी।

टीवी पर प्रसारित संबोधन में साद हरीरी ने कहा, 'हम उसी तरह के वातावरण में रह रहे हैं जैसे कि रफीक अल-हरीरी की हत्या के समय थे। मुझे महसूस हो रहा है कि मुझे निशाना बनाने के लिए गुपचुप तरीके से योजना बनाई जा रही है।'

बता दें साद हरीरी बीते साल नवंबर में प्रधानमंत्री नामित हुए थे। इसके पहले वो साल 2009 से 2011 तक इस पद पर रहे थे। साद अल-हरीरी के पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री रफीक अल-हरीरी की साल 2005 में हत्या कर दी गई थी।

Next Story