Archived

झारखंड निकाय चुनाव: 34 में से 22 सीटों पर BJP-आजसू का कब्जा, देखें रिजल्ट-कौन कहां से जीता

Vikas Kumar
20 April 2018 11:37 AM GMT
झारखंड निकाय चुनाव: 34 में से 22 सीटों पर BJP-आजसू का कब्जा, देखें रिजल्ट-कौन कहां से जीता
x
झारखंड नगर निकाय चुनाव में अकेले बीजेपी को 20 सीटों पर जीत मिली है। पांचों नगर निगम की सीटों पर बीजेपी का कब्जा। यहां देखें झारखंड नगर निकाय चुनाव का पूरा रिजल्ट

रांची : झारखंड नगर निकाय चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी आजसू का परचम लहराया है। 34 निकायों में भाजपा और आजसू को 22 सीटों पर जीत मिली है। अकेले बीजेपी को 20 सीटों पर जीत मिली है। इनमे पांचों नगर निगम की सीटें भी शामिल हैं।

वहीं कांग्रेस ने पांच, झामुमो ने तीन सीटें जीती हैं। निर्दलीय प्रत्‍याशी ने दो सीटें जीतीं हैं। झाविमो और राजद के खाते में एक-एक सीट है। यहां देखें झारखंड नगर निकाय चुनाव का पूरा रिजल्ट, जानें कौन कहां से जीता।

रांची : मेयर पद पर भाजपा की आशा लकड़ा झामुमो की वर्षा गाड़ी से जीतीं। डिप्‍टी मेयर पद पर भाजपा के संजीव विजयवर्गीय जीते।

मेदिनीनगर नगर निगम : मेयर पद पर भाजपा प्रत्‍याशी अरुणा शंकर निर्दलीय पूनम देवी से जीते। डिप्टी मेयर पद पर भाजपा के राकेश सिंह जीते।

आदित्‍यपुर : मेयर पद पर भाजपा के बिनोद श्रीवास्‍तव जीते। भाजपा के अमित सिंह डिप्‍टी मेयर पद पर जीते।

गिरिडीह नगर निगम : भाजपा ने मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव जीता। भाजपा के मेयर पद के प्रत्‍याशी सुनील पासवान जीते। डिप्‍टी मेयर पर भाजपा के प्रकाश राम का कब्‍जा।

हजारीबाग : मेयर पद पर भाजपा प्रत्‍याशी रोशनी तिर्की 7500 मतों से जीतीं। डिप्टी मेयर पद पर भाजपा के राजकुमार लाल 6500 मतों से जीते।

राजमहल नगर पंचायत : झामुमो प्रत्याशी केताउद्दीन शेख अध्यक्ष पद पर विजयी। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी पार्थ दत्ता ने जीत दर्ज की।

चिरकुंडा नगर परिषद : अध्‍यक्ष पद पर भाजपा प्रत्‍याशी डब्‍ल्‍यू बाउरी ने कांग्रेस प्रत्‍याशी मुरली पुरी को 1500 से ज्‍यादा मतों से हराया। उपाध्‍यक्ष पद पर भी भाजपा की जीत।

पाकुड़ नगर परिषद : अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों पद भाजपा की झोली में। अध्यक्ष पद पर संपा साह को लगभग 2900 वोटों से जीत मिली। उपाध्यक्ष पद पर सुनील सिन्हा लगभग 2500 वोटों से जीत गए।

छतरपुर नगर पंचायत : अध्‍यक्ष और उपाध्‍यक्ष जेएमएम ने जीता।

हुसैनाबाद नगर पंचायत : अध्‍यक्ष और उपाध्‍यक्ष का पद आरजेडी ने जीता।

दुमका नगर परिषद : अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी श्वेता झा और उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय विनोद लाल जीते।

मधुपुर नगर परिषद : अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर झामुमो ने कब्जा जमाया है।

कपाली नगर परिषद : अध्‍यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्‍याशी की जीत। उपाध्‍यक्ष पद पर चुनाव रद हो गया है।

फुसरो नगर परिषद : कांग्रेस ने अध्‍यक्ष और उपाध्‍यक्ष दोनों पदों पर जीत हासिल की।

बोकारो : फुसरो नगर परिषद मे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा।

चाकुलिया : नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के विजेता भाजपा से संध्या रानी सरदार, उपाध्यक्ष पद पर भाजपा से मोनू लोधा ने दर्ज कराई जीत।

चतरा : अध्यक्ष पद पर भाजपा और उपाध्यक्ष पद पर जेवीएम की जीत।

कोडरमा : डोमचांच नगर पंचायत के चुनाव में अध्यक्ष पद पर आजसू उम्मीदवार राजकुमार मेहता जीते।

लोहरदगा नगर परिषद : अध्‍यक्ष पद पर कांग्रेस की अनुपमा भगत ने भाजपा की मनोरमा एक्‍का को हराया।

सिमडेगा नगर परिषद : अध्‍यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्‍याशी पुष्‍पा कुल्‍लू से जीतीं। उपाध्‍यक्ष पद पर भाजपा उम्‍मीदवार ओमप्रकाश साहू जीते।

गुमला नगर परिषद : अध्‍यक्ष पद पर कांग्रेस के दीप नारायण उरांव और उपाध्‍यक्ष पद झामुमो के कलीम जीते।

जामताड़ा मिहिजाम नगर परिषद : अध्यक्ष पद पर बीजेपी के कमल गुप्ता और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की शांति देवी की जीत।

लातेहार नगर पंचायत : अध्‍यक्ष पद पर भाजपा प्रत्‍याशी सीतामणि जीतीं। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय नवीन कुमार सिन्हा की जीत।

गोड्डा : अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र मंडल जीते। उपाध्यक्ष पद के लिए जेवीएम प्रत्याशी बेनु चौबे की जीत की खबर।

चाईबासा : अध्यक्ष पद पर जेएमएम के मिथिलेश कुमार ठाकुर 2000 वोट से और उपाध्यक्ष पद पर जेएमएम के डोमा मिंज 1200 वोट से आगे।

चिरकुंडा नगर परिषद : अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी डब्लू बाउरी को जीत। डब्‍ल्‍यू बाउरी ने कांग्रेस प्रत्‍याशी मुरली पुरी को 1500 से ज्‍यादा मतों से हराया। उपाध्‍यक्ष पद पर भी भाजपा की जीत।

नगर उंटारी नगर पंचायत : भाजपा की विजया लक्ष्‍मी देवी 2458 मतों से जीतीं। बसपा की किरण दूसरे नंबर पर रहीं।

गढ़वा नगर परिषद : भाजपा प्रत्‍याशी पिंकी केशरी 193 वोट से जीतीं। झामुमो के प्रत्‍याशी दूसरे नंबर पर रहे।

बुंडू नगर पंचायत : अध्‍यक्ष पद पर भाजपा के राजेश उरांव आगे। उपाध्‍यक्ष पद आजसू के सुनील जायसवाल आगे।

बासुकीनाथ नगर पंचायत : अध्यक्ष पद पर भाजपा की पूनम देवी को जीत मिली है, जबकि उपाध्यक्ष पद कांग्रेस प्रत्याशी अमित कुमार की झोली में गया।

साहिबगंज नगर परिषद : भाजपा प्रत्याशी श्रीनिवास यादव को अध्यक्ष पद पद पर जीत मिली है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर झाविमो प्रत्याशी रामानंद साह जीते।

बरहरवा नगर पंचायत : भाजपा प्रत्याशी श्यामलदास अध्यक्ष पद से और भाजपा प्रत्याशी लोकेश कुशवाहा उपाध्यक्ष पद पर विजय हुए।

सरायकेला नगर परिषद : अध्‍यक्ष पद पर भाजपा की मीनाक्षी पटनायक जीतीं। उपाध्‍यक्ष पद पर झामुमो प्रत्‍याशी को मिले जीत।

डोमचांच नगर पंचायत : आजसू के राजकुमार मेहता जीते, उपाध्‍यक्ष पद पर राजद के पप्‍पू मेहता जीते।

आपको बता दें झारखंड में पांच नगर निगम सहित 34 निकायों में हुए मतदान की गणना आज हुई है। इस चुनाव में खास बात ये है कि पहली बार नगर निकाय चुनाव दलीय आधार हुए हैं। बीजेपी, कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और अन्य सभी पार्टियों ने मेयर और उप महापौर पदों के लिए अपने-अपने उम्मीदवार उतारे थे। इस लिहाज से यह चुनाव राज्य की सियासत के लिए काफी अहम हो गए।

Next Story