Archived

सियासी रंजिश में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, बेटा घायल

Vikas Kumar
25 Sep 2017 10:27 AM GMT
सियासी रंजिश में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, बेटा घायल
x
सियासी रंजिश के चलते एक कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, गोलीबारी में उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

भोपाल : मध्यप्रदेश के दतिया जिले में सियासी रंजिश के चलते एक कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या की खबर आ रही है। इस गोलीबारी में उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है चुनावी रंजिश के चलते बीती रात दतिया जिले के एक गांव में कुछ लोगों ने कांग्रेस के एक स्थानीय नेता की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी और साथ में उसके बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

थाना प्रभारी सत्यम गुर्जर ने बताया कि रविवार रात को पंचायत चुनावों में हुई रंजिश के चलते बीती रात रूहेरा गांव में कांग्रेस नेता कैलाश उर्फ अनिरूद्ध सिंह (50) की उनके राजनीतिक विरोधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस गोलीबारी में कांग्रेस नेता का पुत्र कुलदीप सिंह (35) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिये ग्वालियर भेजा गया है।

पुलिस ने इस मामले में रूहेरा गांव के सरपंच जनक सिंह और उसके 11 अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। बता दें मृतक कैलाश सिंह किसान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष थे।

Next Story