Archived

'मन की बात' LIVE: पीएम मोदी ने नारी शक्ति को किया सलाम, कहा-एक बेटी 10 बेटों के बराबर

Arun Mishra
28 Jan 2018 5:53 AM GMT
मन की बात LIVE: पीएम मोदी ने नारी शक्ति को किया सलाम, कहा-एक बेटी 10 बेटों के बराबर
x
प्रधानमंत्री मोदी की 'मन की बात' कार्यक्रम का ये 40वां संस्करण है।
नई दिल्ली : बजट सत्र से पहले और इस साल पहली बार प्रधानमंत्री देशवासियों से 'मन की बात' कर रहे हैं। PM मोदी की मन की बात का ये 40वां संस्करण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दो दिन पूर्व ही हमने गणतन्त्र पर्व को बहुत ही उत्साह के साथ और इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि 10 देशों के मुखिया इस समारोह में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि देश में हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही है, गौरव बढ़ा रही है।

अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावल ने नारी शक्ति को नई ऊंचाई दी। नारी शक्ति देश, समाज को हमेशा एकता के सूत्र में बांधती है। नारी शक्ति हमेशा प्रेरित करती आयी है। पुराणों में कहा गया है कि एक बेटी दस बेटों के बराबर है।

पीएम ने कहा कि आज हम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात करते हैं लेकिन सदियों पहले हमारे शास्त्रों में, स्कन्द-पुराण में कहा गया है। चाहे वैदिक काल की विदुषियां लोपामुद्रा, गार्गी, मैत्रेयी की विद्वता हो या अक्का महादेवी और मीराबाई का ज्ञान और भक्ति हो, चाहे अहिल्याबाई होलकर की शासन व्यवस्था हो या रानी लक्ष्मीबाई की वीरता, नारी शक्ति हमेशा हमें प्रेरित करती आयी है।

पीएम ने कहा कि सशक्तिकरण आत्मनिर्भरता का ही एक रूप है। हर क्षेत्र में 'फर्स्ट लेडीज' हमारी नारी-शक्तियों ने समाज की रूढ़िवादिता को तोड़ते हुए असाधारण उपलब्धियाँ हासिल की, एक कीर्तिमान स्थापित किया। तीन बहादुर महिलाएँ भावना कंठ, मोहना सिंह और अवनी चतुर्वेदी फाइटर्स पायलट्स बनी हैं और सुखोई 30 में
मन की बात में पीएम ने कहा- 'किसी भी जीवन-समाज की पहचान होती है उसका सेल्फ करेक्टिंग मैकेनिज्म। हम बार-बार सुनते आये हैं कि लोग कहते हैं कि कुछ बात है ऐसी कि हस्ती मिटती नहीं हमारी। वो बात क्या है, वो बात है लचीलापन, ट्रांसफॉर्मेशन।'

मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ का दंतेवाड़ा इलाक़ा, जो माओवाद-प्रभावित क्षेत्र है। हिंसा, अत्याचार, बम, बन्दूक, पिस्तौल- माओवादियों ने इसी का एक भयानक वातावरण पैदा किया हुआ है। ऐसे ख़तरनाक इलाक़े में आदिवासी महिलाएं ई-रिक्शा चला कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। मुंबई का माटुंगा स्टेशन भारत का ऐसा पहला स्टेशन है जहाँ सारी महिला कर्मचारी हैं।

बिहार का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि मैं बिहार की जनता, राज्य के मुख्यमंत्री और मानव श्रृंखला में शामिल हर व्यक्ति की सराहना करता हूं। पीएम ने कहा कि मुझे पता चला कि अकोला के नागरिकों ने '#स्वच्छभारतअभियान' के तहत मोरना नदी को साफ़ करने के लिए स्वच्छता अभियान का आयोजन किया था।

पीएम ने कहा, "#प्रधानमंत्रीजनऔषधि योजना के पीछे उद्देश्य है- हेल्थ केयर को अफोर्डेबल बनाना. जन-औषधि केन्द्रों पर मिलने वाली दवाएं बाज़ार में बिकने वाली दवाइयों से लगभग 50-90% तक सस्ती हैं। सस्ती दवाइयां प्रधानमंत्री भारतीय जन-औषधि केन्द्रों, अस्पतालों के 'अमृत stores' पर उपलब्ध हैं।"

पीएम ने कहा, इन दिनों पद्म पुरस्कारों के विषय में चर्चा हो रही है। थोड़ा अगर बारीकी से देखें तो आपको गर्व होगा। आपको पता चलेगा कि कैसे-कैसे महान लोग हमारे बीच हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले तीन सालों में पद्म पुरस्कारों की पूरी प्रक्रिया बदल गई है। कोई भी ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। अब बहुत सामान्य लोगों को भी पुरस्कार मिल रहे हैं. अब पुरस्कार के लिए व्यक्ति के काम का महत्व बढ़ रहा है।

पीएम ने कहा कि अरविंद गुप्ता ने कचरे से बच्चों के लिए खिलौने बनाने में पूरा जीवन खपा दिया। वे देशभर के 3000 स्कूलों में जाकर प्रेरित कर रहे हैं। वहीं, तमिलनाडु की लक्ष्मी कुट्टु का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि ये महिला आज भी जंगल में रहती हैं, लेकिन उन्होंने 500 हर्बल दवाइयां बनाई हैं. वह लोगों की सेवा कर रही हैं। इसलिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

पीएम ने आगे कहा, आपने मध्य प्रदेश के भज्जूश्याम के बारे में सुना होगा, वे जीवन यापन के लिए सामान्य नौकरी करते थे, लेकिन उनको पारम्परिक आदिवासी पेंटिंग बनाने का शौक था। आज इसी शौक की वजह से इनका भारत ही नहीं, पूरे विश्व में सम्मान है।

पीएम मोदी ने कहा, हर वर्ष 9 जनवरी को हम प्रवासी भारतीय दिवस मनाते हैं। इस दिन हम भारत और विश्व भर में रह रहे भारतीयों के बीच अटूट-बंधन का जश्न मनाते हैं।

पीएम मोदी ने महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि 30 जनवरी को बापू की पुण्य-तिथि है, जिन्होंने हम सभी को एक नया रास्ता दिखाया है। उस दिन हम '#शहीददिवस' मनाते हैं। अगर हम संकल्प करें कि बापू के रास्ते पर चलें -जितना चल सके, चलें - तो उससे बड़ी श्रद्धांजलि क्या हो सकती है?"

PM मोदी के 'मन की बात' की बड़ी बातें...

- पहली बार ऐसा हुआ कि 10 देशों के मुखिया इस समारोह में उपस्थित रहे

- भारत में आज महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं

- कल्पना चावला को हमने इतनी कम उम्र में खो दिया, लेकिन उन्होंने नारी शक्ति को प्रेरणा दी

- वेदों की रिचाओं को गढ़ने में देश की बहुत सारी विदुषियों का योगदान रहा

- नारी शक्ति परिवार को एकता के सूत्र में बांधती है

- आज नारी हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं

- विमेन अचीवर्स पर एक पुस्तक भी तैयार की गई है, ताकि लोग उनके बारे में जानें और प्रेरणा ले सकें

- भावना कंठ, मोहना सिंह और अवनी चतुर्वेदी सुखोई 30 में प्रशिक्षण ले रही हैं

- मुंबई का माटुंगा भारत का ऐसा पहला स्टेशन है जहां सारी कर्मचारी महिलाएं हैं
Next Story