Archived

अमेरिका से अगले महीने भारत पहुंचेगी 'कच्चे तेल' की पहली खेप

Vikas Kumar
17 Aug 2017 11:24 AM GMT
अमेरिका से अगले महीने भारत पहुंचेगी कच्चे तेल की पहली खेप
x

नई दिल्ली : अमेरिका से कच्चे तेल की पहली खेप अगले महीने भारत पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही यह दोनों देशों के बीच रिश्तों को एक नया आयाम देने वाली शुरुआत हुई है। बता दें अमेरिका से तेल खरीदने की लिस्ट में दक्षिण कोरिया, जापान और चीन जैसे एशियाई देश के साथ भारत भी शामिल हो गया है।


अमेरिका से 10 करोड़ डॉलर मूल्य के दो मिलियन बैरल कच्चे तेल की पहली खेप सितंबर के आखिरी हफ्ते में भारत पहुंचेगी। दरअसल बुधवार को अमेरिका में भारत के राजदूत नवतेज सरना ने कच्चे तेल के पहले निर्यात के पेपर टेक्साॅस गर्वनर ग्रेग एबॉट को सौंपे। इसके बाद भारतीय दूतावास द्वारा यह ट्वीट किए गए।

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा अमेरिका से तेल के निर्यात पर 40 साल पुराना प्रतिबंध हटाए जाने के करीब दो साल बाद कच्चा तेल भारत भेजा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के बीच 26 जून को हुई पहली बैठक में ऊर्जा क्षेत्र में संबंधों को मजबूत बनाने पर सहमति जताई थी।


इसके तुरंत बाद भारतीय कंपनियों ने अमेरिका से कच्चे तेल की खरीद के अनुबंध करने शुरू किए। इंडियन ऑयल कॉरपारेशन तथा भारत पेट्रोलियम ने वहां 40 लाख बैरल से अधिक के ऑर्डर दिए हैं और इसके साथ ही भारत तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश बन गया है।


आपको बता दें अमेरिका से कच्चे तेल की पहली खेप 6 से 14 अगस्त के बीच रवाना हुई है और सितंबर के आखिरी हफ्ते में इसके पारादीप (ओडिशा) पहुंचने की संभावना है। इस नए घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच तेल का व्यापार करीब दो बिलियन डॉलर से भी ज्यादा का हो जाएगा।

Next Story