Archived

संसद LIVE: किसान मुद्दे पर विपक्षी दलों का हंगामा, लोकसभा स्थगित, दिग्विजय ने पूछा- मौन क्यों है PM मोदी

Special Coverage News
19 July 2017 6:42 AM GMT
संसद LIVE: किसान मुद्दे पर विपक्षी दलों का हंगामा, लोकसभा स्थगित, दिग्विजय ने पूछा- मौन क्यों है PM मोदी
x
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हंगामे भरी रही। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, इस दौरान PM मोदी भी लोकसभा में मौजूद थे।
नई दिल्ली: बुधवार को संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हंगामे भरी रही। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, इस दौरान PM मोदी भी लोकसभा में मौजूद थे। भारी हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित तक दी गई है। वहीं राज्यसभा में शरद यादव ने भी राज्यसभा में किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज भी जंतर-मंतर पर कई किसान संगठन आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार चुप है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसानों की समस्या सर्वव्यापी है। किसानों को कीमत मिलने के बजाय गोलियां दी जा रही हैं।
इसके बाद जैसे ही अध्यक्ष ने प्रश्नकाल आरंभ करने की घोषणा की वैसे ही विपक्षी सदस्य प्रश्नकाल रद्द करके किसानों के मुद्दे पर तुरंत चर्चा कराने की मांग करने लगे। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, वामदल, राष्ट्रीय जनता दल आदि के सदस्य आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे। इसपर संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने कांग्रेस के नेता मल्लिकाजुर्न खड़गे से आग्रह किया कि कृषि संकट के बारे में सदन की कार्यसूची में नियम 193 के तहत चर्चा सूचीबद्ध है जिसमें विपक्ष किसानों के संकट, उनकी चुनौतियों पर चर्चा करे। इसलिये वे सदन में व्यवधान ना डालें और कार्यवाही चलने दें।
बता दे कि मंगलवार को राज्यसभा में बहस के दौरान BSP सुप्रीमो मायावती ने नाराज होकर अपना इस्तीफा दे दिया था। मायावती राज्यसभा में अपनी बात पूरी ना किए जाने से नाराज थी। मायावती की राज्यसभा के उपसभापति पी.जे. कुरियन से तीखी बहस हुई, जिसके बाद वे राज्यसभा से बाहर चली गई थी। कांग्रेस ने भी उनके समर्थन में वॉकआउट किया था।
Next Story