राष्ट्रीय

US में पीएम मोदी बोले, 'सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत की ताकत को दुनिया ने जाना'

Arun Mishra
26 Jun 2017 2:37 AM GMT
US में पीएम मोदी बोले, सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत की ताकत को दुनिया ने जाना
x
मोदी ने प्रवासियों को बताया कि, उनकी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि तीन साल के दौरान इस सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा..
वाशिंगटन : पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय अमेरिकी दौरे के पहले दिन वर्जीनिया में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि, सर्जिकल स्‍ट्राइक एक ऐसी घटना थी, यदि दुनिया चाहती तो भारत के बाल नोंच लेती। हमें कटघरे में खड़ा कर सकती थी, हमसे जवाब मांगा जाता। भारत के इतने बड़े कदम पर विश्‍व में किसी ने भी एक सवाल तक नहीं उठाया। इस सर्जिकल स्ट्राइक से दुनिया को भारत की ताकत का अंदाजा हुआ और किसी भी देश ने भारत के इस कदम पर कोई सवाल नहीं उठाया।
पीएम मोदी ने कहा कि, उनसे मिलकर वो परिवार से मिलने का आनंद महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के कार्यक्रम की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई देती है। भारत में जब अच्छा होता है तो अमेरिका में भारतीय खुश होते हैं।
इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार अपनी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड प्रवासी भारतीयों के सामने पेश किया। मोदी ने प्रवासियों को बताया कि, उनकी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि तीन साल के दौरान इस सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं लगा। देश में तकनीक का ज्यादा प्रयोग करने से पारदर्शिता आई है।
भारत में सक्षम लोग ने गैस सब्सिडी छोड़ रहे हैं जिसका फायदा गरीबों को मिल रहा है। मैं जब भी विकसित भारत की कल्पना करता हूं तो मेरे सामने एक सेहतमंद भारत दिखता है। पीएम मोदी ने भारतीय अमेरिकियों को भरोसा दिलाया कि उन्होंने जो सपने देखे हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। तकनीकि आधारित गवर्नेंस के जरिए आधुनिक भारत का निर्माण किया जा रहा है।
सरकार की उपलब्धियां बताते हुए पीएम मोदी ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में विदेशों में फंसे 80 हजार भारतीयों को बचाकर देश वापस लाया गया। सरकार विदेश में मुसीबत में फंसे भारतीयों की मदद कर रही है।
पीएम बोले, सोशल मीडिया की ताकत का असली उपयोग विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने करके दिखाया है। उऩ्होंने कहा कि अगर किसी ने विदेश से ट्वीट करके मदद मांगी, तो विदेश मंत्री ने महज 15 मिनट में जवाब दिया और 24 घंटे के अंदर सरकार हरकत में आ गई। उन्होंने कहा कि पहले सफाई को लेकर हमारी किरकिरी होती थी, लेकिन आज हर तरफ तारीफ हो रही है।
पीएम ने कहा, 'भारत में सरकारें बदली गई हैं, उसका मूल कारण बेईमानी, भ्रष्टाचार रहा है। मैं यहां कहना चाहूंगा कि तीन साल में इस सरकार के ऊपर एक भी दाग नहीं लगा है।' भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा है। भारत में लोगों को अनुकूल माहौल मिल रहा है।
पीएम मोदी ने की 20 दिग्गज कंपनियों के सीईओ के साथ बैठक
इससे पहले अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर आए पीएम मोदी ने पहले दिन रविवार को वॉशिंगटन में अमेरिका की 20 दिग्गज कंपनियों के सीईओ के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने इन कंपनियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया। पीएम मोदी ने इस बैठक में जीएसटी बिल पर बात करते हुए इसे गेमचेंजर बताया।
सोमवार को पीएम मोदी- राष्ट्रपति ट्रंप साथ करेंगे डिनर
डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद पर आसीन होने के बाद किसी विदेशी नेता के लिए व्हाइट हाउस में आयोजित होने जा रहा यह पहला रात्रिभोज है। भारत तथा अमेरिका के बीच रक्षा व ऊर्जा साझीदारियों को मजबूत किया जाना बातचीत का बेहद अहम हिस्सा होगा। कुल मिलाकर दोनों नेता एक-दूसरे के साथ लगभग पांच घंटे बिताएंगे। सबसे पहले दोनों नेताओं के बीच मुलाकात होगी, और फिर शिष्टमंडल स्तर की बैठकों में, कॉकटेल पार्टी के दौरान और व्हाइट हाउस में आयोजित रात्रिभोज में भी दोनों नेता एक दूसरे के साथ वक्त बिताएंगे।
Next Story