Archived

देश के 13वें उपराष्ट्रपति बने वेंकैया नायडू, PM मोदी बोले- 'स्‍वतंत्र भारत में जन्‍मे पहले उपराष्‍ट्रपति हैं वेंकैया'

Vikas Kumar
11 Aug 2017 6:45 AM GMT
देश के 13वें उपराष्ट्रपति बने वेंकैया नायडू, PM मोदी बोले- स्‍वतंत्र भारत में जन्‍मे पहले उपराष्‍ट्रपति हैं वेंकैया
x

नई दिल्ली : वेंकैया नायडू ने देश के 13वें उपराष्‍ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद राज्‍यसभा के सभापति का काम संभाला। उपराष्ट्रपति पद के लिए वेंकैया नायडू ने शपथ ले ली है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। उस समय पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह समेत सभी बड़े नेता मौजूद थे। वह आज सवेरे सबसे पहले राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही में सभापति के तौर पर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने स्‍वागत भाषण में वेंकैया नायडू के सार्वजनिक जीवन में योगदान की चर्चा की और खुद को उनको साथ काम करने का मौका मिलने पर सौभाग्‍यशाली बताया। पीएम मोदी ने कहा कि वेंकैया जी स्‍वतंत्र भारत में जन्‍म लेने वाले पहले उपराष्‍ट्रपति हैं। इसके साथ ही वह पहले उपराष्‍ट्रपति भी है जो सदन से ही निकले हैं।

पीएम ने कहा कि नायडू किसान के बेटे हैं और गांव को भलीभांति जानते हैं। वह जेपी आंदोलन से भी जुड़े रहे। नायडू कैबिनेट में भी गांव और किसान की बात करते थे। आज सर्वोच्च पदों पर सामान्य घरों के लोग आसीन हुए हैं। आज हमने गौरवपूर्ण जिम्मेदारी वेंकैया नायडू को दी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का तोहफा नायडू ने ही दिया।

वेंकैया नायडू ने गोपालकृष्ण गांधी को 272 वोटों से हराया

वेंकैया नायडू ने विपक्ष के उम्मीदवर गोपालकृष्‍ण गांधी को 272 वोटों से हराया था। वेंकैया नायडू को 516 वोट मिले जबकि गोपालकृष्ण गांधी को 244 मत मिले। विजय गोयल, सांवरलाल जाट, अनु आगा, एनके सारनिया, अब्दुल वहाब, पीके कुन्हालीकुट्टी, कुणाल कुमार घोष, तापस पॉल, प्रोतिमा मंडल, अभिषेक बनर्जी, मौसम नूर, रानी नारा उदयनराजे भोसले, अंबुमनि रामदौस वोटिंग में हिस्सा नहीं ले पाए थे।

Next Story