राष्ट्रीय

उपराष्ट्रपति चुनाव: विपक्षी खेमे के 24 सांसदों ने अपनी पार्टी को दिया 'धोखा', नायडू के पक्ष में डाले वोट

Special Coverage News
6 Aug 2017 9:24 AM GMT
उपराष्ट्रपति चुनाव: विपक्षी खेमे के 24 सांसदों ने अपनी पार्टी को दिया धोखा, नायडू के पक्ष में डाले वोट
x

नई दिल्ली : उप-राष्ट्रपति चुनाव में NDA प्रत्याशी रहे वेंकैया नायडू देश के 15वें उपराष्ट्रपति चुन लिए गए हैं। एनडीए के अलावा उन्हें विपक्षी दलों के सांसदों का भी समर्थन मिला है। BJP सूत्रों के अनुसार विपक्षी पार्टियों के करीब 24 सांसदों ने उप राष्ट्रपति चुनाव में अपने पार्टी का निर्देश नहीं माना और नायडू के पक्ष में मतदान किया।

क्रॉस वोटिंग की बदौलत उपराष्ट्रपति चुनाव में वेंकैया नायडू को 516 वोट मिले जबकि गोपालकष्ण गांधी को 244 वोट हासिल हुए। हालांकि NDA को पहले करीब 495 सदस्यों के समर्थन मिलने की ही उम्मीद थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री नायडू को 68 फीसदी वोट मिले, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार गोपालकष्ण गांधी को 32 फीसदी वोट हासिल हुए।

विपक्ष के लिए चिंता का विषय यह है कि उसके उम्मीदवार गांधी को राष्ट्रपति पद की उसकी उम्मीदवार मीरा कुमार को मिले वोटों से 19 वोट अधिक है। मीरा कुमार को 225 वोट मिले थे, जबकि गांधी को 244 वोट हासिल हुए। हालांकि 40 और सांसदों ने उन्हें अपना समर्थन देने की बात की थी। बीजद के 28 और जदयू के 12 सांसदों ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए का समर्थन करने के बाद उप राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष का साथ दिया।

बता दें अधिकारियों के अनुसार चुनाव में 11 वोटों को अमान्य करार दिया गया। जबकि कुल 14 सदस्यों ने अलग अलग कारणों से मतदान में हिस्सा नहीं लिया। जिनमें से तृणमूल कांग्रेस के चार, भाजपा, कांग्रेस एवं आईयूएमएल के दो तथा राकांपा एवं पीएमके एक-एक सदस्य शामिल हैं।

एम वेंकैया नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उन्हें वोट देने वाले सांसदों का आभार व्यक्त किया और संविधान एवं संसद के उच्च सदन की गरिमा को बनाए रखने का वादा किया। उन्होंने कहा, एक साधारण किसान के परिवार से उप-राष्ट्रपति बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती और मजबूती है।

इसके साथ ही देश के तीनों सर्वोच्च पदों पर BJP का कब्ज़ा हो गया है। ऐसा पहली बार हुआ है की देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और अब उपराष्ट्रपति भी बीजेपी से है। आपको बता दें मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। वह लगातार दो बार इस पद पर रह चुके हैं।

Next Story