Archived

2 साल के लड़के पर महिला ने लगाया छेड़खानी का आरोप, पुलिस दे रही सरेंडर की धमकी

Kamlesh Kapar
22 April 2017 10:51 AM GMT
2 साल के लड़के पर महिला ने लगाया छेड़खानी का आरोप, पुलिस दे रही सरेंडर की धमकी
x
पूर्वी चंपारण : बिहार के पूर्वी चंपारण में 2 साल के एक लड़के पर 35 वर्षीय एक महिला ने छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव की महिला ने बच्चे पर शोषण करने और उसकी सोने की चेन छिनने का आरोप लगाया है। मामला पताही थाना क्षेत्र का है। इस बच्चे पर पुलिस ने अनैतिक तस्करी अधिनियम और धारा 379 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद लोग इस बच्चे को अपराधी समझ रहे हैं। महिला ने इस मामले की शिकायत 15 मार्च को पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। पताही थाने का इंस्पेक्टर पिछले एक महीने से बच्चे को सरेंडर करने के लिए धमकी दे रहा है। 2 साल का एक लड़का कितना समझदार होगा यह अंदाजा तो आप उसकी उम्र से ही लगा सकते है। जो बच्चा ठीक से चलना न जानता हो वह बच्चा किसी के साथ छेड़खानी जैसा अपराध कैसे कर सकता है।

वही बच्चे के पिता ने कहा कि अब उनका बेटा पुलिस के नाम से ही डर जाता है। इस मामले की पूरी जानकारी देते हुए बच्चे के पिता ने कहा कि जिस महिला ने उनके बेटे के खिलाफ केस दर्ज कराया है पहले उसके पति और ग्राम प्रधान ने मिलकर उनकी पिटाई की थी। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बच्चे के पिता ने कहा कि बदले की भावना से महिला ने प्रधान के साथ मिलकर मेरे बेटे के खिलाफ थाने में झूठी रिपॉर्ट दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि पताही थाने के इंस्पेक्टर कन्हैया प्रसाद उनपर महिला के पति पर दर्ज कराए गए केस को वापस लेने का दवाब बना रहे है। कहीं कोई कार्रवाई न होता देख पीड़ित के पिता ने डीआईजी अनिल किशोर यादव से मदद की गुहार लगाई जिसके बाद उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। डीआईजी के आदेश देने के बावजूद अभीतक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
Next Story