Archived

छत्तीसगढ़ : अमित शाह ने BJP कार्यकर्ताओं को दिया चौथी बार सरकार बनाने का टिप्स, 65 सीटें जीतने का लक्ष्य

Kamlesh Kapar
9 Jun 2017 7:53 AM GMT
छत्तीसगढ़ : अमित शाह ने BJP कार्यकर्ताओं को दिया चौथी बार सरकार बनाने का टिप्स, 65 सीटें जीतने का लक्ष्य
x
Amit Shah gave tips to BJP workers for fourth time government in Chhattisgarh
रायपुर: BJP के अध्यक्ष अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के सांसदों और विधायकों को प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने के टिप्स दिए। शाह ने कहा कि प्रदेश की 90 विधानसभा में से कम से कम 65 सीटों पर जीत हासिल करने की रणनीति बनाएं। तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे शाह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस संकल्प को पूर्ण करने के लिए बैठक में उपस्थित सभी कार्यकताओं और पदाधिकारियों ने संकल्प लिया।

राज्य में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि शाह नियमित विमान से रायपुर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री रमन सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शाह ने पहली बैठक ली। बैठक में कोर ग्रुप के सदस्य, सांसद-विधायक, भाजपा महामंत्री, नगर निगमों के महापौर, जिला पंचायतों के अध्यक्ष, निगम मंडल के अध्यक्ष उपस्थित हुए।

इस दौरान शाह ने संगठन प्रभारी को विस्तृत प्रवास करने और जिला पदाधिकारियों से अपने प्रवास के दौरान बूथ की संपूर्ण गतिविधियों की जानकारी लेकर उसे गति प्रदान करने का निर्देश दिया। वे यहां 10 तारीख तक कई कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेंगे। राज्य में अगले वर्ष विधानसभा के चुनाव होने हैं और भाजपा चौथी बार भी सरकार बनाने का प्रयास कर रही है।

बैठक में शाह ने अपने देशव्यापी 110 दिन के कार्यक्रम में तीन दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास का उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से संवाद करना और संगठन के कार्यों को किस प्रकार बढ़ाया जाए, इस संबंध में विचार करना है। भाजपा नेताओं ने बताया कि बैठक में लोगों को अपने विचार रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान लगभग 40 प्रमुख कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष के सामने अपने सुझाव और प्रश्न रखे, जिनका राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाधान किया।
Next Story