Archived

BJP में शामिल AAP विधायक वेद प्रकाश ने केजरीवाल पर लगाए ये गंभीर आरोप

Arun Mishra
27 March 2017 8:50 AM GMT
BJP में शामिल AAP विधायक वेद प्रकाश ने केजरीवाल पर लगाए ये गंभीर आरोप
x
Photo : @ManojTiwariMP
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए बवाना से AAP विधायक वेद प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और अरविंद केजरीवाल की जमकर आलोचना की है। बीजेपी ज्वाइन करने के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में वेद प्रकाश ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल को कुछ लोगों ने घेर रखा है। जो उन्हें कानों में बता दिया जाता है, वे यकीन कर लेते हैं। केजरीवाल को नहीं पता कि क्या चल रहा है।

पीएम मोदी और उप राज्यपाल को बदनाम करने के लिए बहाना ढूढते हैं?
वेद प्रकाश ने कहा कि केजरीवाल सिर्फ यही देखते हैं कि पीएम मोदी को और उप राज्यपाल को कैसे बदनाम किया जाए। आज तक जो भी काम हुआ है क्या उसे प्रोपर तरीके से ऊपर भेजा गया। सिर्फ यही नहीं चलेगा कि वे (केंद्र) काम नहीं करने देते। हम भी तो ठीक होने चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली का हर आदमी ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मैं जाली खेल दिखाने वालों में फंस गया था। वेद प्रकाश ने यह भी कहा कि मैं काम करना चाहता हूं ताकि अपनी शक्ल अपने लोगों को दिखा सकूं।

किसी लालच में बीजेपी नहीं की ज्वाइन?
पत्रकार वार्ता में वेद प्रकाश कहा-'मैं किसी लालच में बीजेपी में नहीं आया। साफ-सुथरी राजनीति करने आया हूं। दिल्ली हर जगह रिश्वत चल रही है। नाकाम और बड़बोले लोगों में फंस गया हूं। अभी मेरे पास तीन साल का समय है। मैं भाजपा से जुड़कर काम करूंगा। मैं बीजेपी में कोई पद नहीं लूंगा और पीएम मोदी की नीति से जुड़कर काम करूंगा और चाहूंगा की पीएम मोदी का आशीर्वाद मिलता रहे। मैं विधानसभा से इस्तीफा देने जा रहा हूं।

Next Story