Archived

बरखा सिंह बीजेपी में होंगी शामिल, कांग्रेस ने किया था निष्कासित

Kamlesh Kapar
22 April 2017 6:35 AM GMT
बरखा सिंह बीजेपी में होंगी शामिल, कांग्रेस ने किया था निष्कासित
x
नई दिल्ली : दिल्‍ली महिला कांग्रेस की पूर्व अध्‍यक्ष बरखा शुक्‍ला सिंह आज बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं। कांग्रेस से निकाली गई बरखा शुक्ला सिंह बीजेपी दफ़्तर से मीडिया को भेजे गए संदेश में बताया कि दोपहर 1 बजे दिल्ली बीजेपी के मुख्यालय में दिल्ली बीजेपी प्रभारी श्याम जाजू से मिलकर बीजेपी में शामिल होंगी। वही बरखा सिंह के करीबी सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि की है। सूत्रों ने बताया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से बरखा की शुक्रवार को मुलाक़ात हो चुकी है। MCD चुनाव से पहले दिल्‍ली प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष अरविंदर लवली के बाद बरखा का बीजेपी में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बता दे कि 23 अप्रैल यानी रविवार को एमसीडी के 272 वार्डों के लिए मतदान होनी है।

बरखा शुक्ला सिंह को राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाने पर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इस मुद्दे पर बरखा शुक्ला सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने पार्टी से निकालकर दिमागी दिवालियापन का सबूत दिया है। निकालने के फरमान पर करारा जवाब देंगे। बरखा सिंह ने कहा था कि मेरे लिए सारे विकल्प खुले हैं। मैं कोर्ट और चुनाव आयोग जाऊंगी। लेकिन यह भी कहा था कि मैं पार्टी में रहकर लड़ाई लड़ूंगी, किसी और पार्टी में नहीं जाऊंगी। मेरे दिल में कांग्रेस है। हम राहुल गांधी मुक्त कांग्रेस मुहिम चलाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दिमागी रूप से बीमार हैं और अजय माकन ने मुझे गाली दी है। इससे पहले बरखा ने ट्वीट किया था आज का नारा, राहुल गांधी मुक्त कांग्रेस।
Next Story