Archived

गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, राहुल गांधी के करीबी ने छोड़ा साथ, लगाए बड़े आरोप

Vikas Kumar
18 Aug 2017 1:28 PM GMT
गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, राहुल गांधी के करीबी ने छोड़ा साथ, लगाए बड़े आरोप
x

गुजरात : गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। बताया जा रहा है कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के एक अहम रणनीतिकार और पार्टी वार रूम सदस्य आशीष कुलकर्णी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी पर बड़े आरोप लगाए है।

उन्होंने पार्टी से अपने इस्तीफे की कई वजहें गिनाईं है। जिसमें पार्टी की विचारधारा में बदलाव, मैनेजमेंट में गड़बड़ी और कांग्रेस की प्रोपगैंडा मशीनरी को जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही प्रियंका गांधी को कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की अफवाहों पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए है।

राहुल गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा कि प्रियंका के प्रमोशन की अफवाहें पार्टी के ही ऐसे दिग्गज चेहरे फैला रहे हैं, जो 2014 की करारी हार के कारण नहीं बता पा रहे। आशीष ने कहा कि अब ऐसे लोग हार का सारा दोष राहुल गांधी पर मढ़ना चाहते हैं। यही नहीं उन्होंने कांग्रेस पार्टी में वंशवाद बढ़ने के भी आरोप लगाए।

आशीष कुलकर्णी ने कहा कि कांग्रेस कभी वामपंथ और दक्षिणपंथ के बीच की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी हुआ करती थी, लेकिन वही पार्टी अब कम्युनिस्टों, तृणमूल कांग्रेस जैसी हिन्दू विरोधी पार्टी बनती जा रही है।

आशीष कुलकर्णी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस अब विचारधारा के तौर पर खुद को वामपंथ के नजदीक ले जाने लगी है। उन्होंने पार्टी पर कश्मीरी अलगाववादियों का समर्थन करने का आरोप भी लगाया है। यहीं नहीं आशीष कुलकर्णी ने कांग्रेस पर जेएनयू में चल रहे कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी प्रदर्शनों का समर्थन करने और तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया है।

आशीष ने अपने इस्तीफे के जरिए ये लेटर बम तब फोड़ा है, जब गुजरात और हिमाचल प्रदेश का विधानसभा चुनाव सिर पर है। उन्होंने अपने पत्र में महाराष्ट्र, असम, गोवा, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में पार्टी की हार के लिए कुप्रबंधन और पार्टी की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि यही स्थिति हिमाचल और गुजरात में भी दोहराई जा सकती है।

Next Story