Archived

गुजरात: राज्यसभा की 3 सीटों के लिए वोटिंग आज, शाह-अहमद की साख दांव पर

Special Coverage News
8 Aug 2017 3:15 AM GMT
गुजरात: राज्यसभा की 3 सीटों के लिए वोटिंग आज, शाह-अहमद की साख दांव पर
x

गुजरात : गुजरात, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए आज वोटिंग होगी, लेकिन सबसे ज्यादा दिलचस्प मुकाबला गुजरात में देखने को मिल रहा है। गुजरात में कई सप्ताह से जारी राजनीतिक जंग का फैसला आज हो जाएगा।

आज सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। शाम 5 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। और चुनावों के नतीजे भी आज शाम सात बजे तक ही आ जाएंगे। गुजरात में राज्यसभा की 3 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में BJP ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस छोड़कर आए बलवंत सिंह उम्मीदवार है। वहीं, कांग्रेस की तरफ से अहमद पटेल उम्मीदवार हैं।

गुजरात में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले मतदान में दो पर बीजेपी की जीत तय है। ये पहले से बीजेपी की सीटें हैं। एक सीट पर अमित शाह और दूसरी सीट से स्मृति इरानी चुनाव लड़ रहे हैं। दिलचस्प मुकाबला तीसरी सीट पर है, जिस पर सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार और कांग्रेस के चाणक्य कहे जाने वाले अहमद पटेल चुनाव लड़ रहे हैं।

लेकिन अहमद पटेल के मुकाबले बीजेपी के चाणक्य अमित शाह ने ऐसी चाल चल दी हैं कि कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गयी है। इस मुकाबले को चाणक्य बनाम चाणक्य कहा जा रहा है। दोनों की साख दांव पर लगी हुई है। यही वजह है कि कांग्रेस अब अपने चाणक्य की राज्यसभा कुर्सी किसी भी कीमत पर बचाना चाहती है।

वहीं कुछ ही महीने बाद गुजरात विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर भी ये चुनाव दोनों ही पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।

बता दें राज्यसभा चुनाव से पहले बेंगलुरु में रुके गुजरात कांग्रेस के सभी विधायक सोमवार सुबह वापस लौटे। सभी को आणंद के एक रिजॉर्ट में ले जाया गया।

Next Story