Archived

LIVE : रेप के दोषी राम रहीम को कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा

Arun Mishra
28 Aug 2017 10:00 AM GMT
LIVE : रेप के दोषी राम रहीम को कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
x
रेप के दोषी राम रहीम को कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सजा पर सीबीआइ की विशेष अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है,
रोहतक : डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सजा पर सीबीआइ की विशेष अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। रेप के दोषी राम रहीम को कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है। 15 साल पुराने इस मामले में सब्र और हिंसा के बाद पीडि़त साध्वियों को ये न्याय मिला है। गौरतलब है की साध्वी यौनशोषण मामले में राम रहीम को 25 अगस्त को दोषी करार दिया गया था। सजा सुनाने के लिए रोहतक की सुनारिया जेल में विशेष कोर्ट लगाई गई थी। सुनवाई के वक्त कोर्ट रूम में 8 लोग मौजूद थे।

इससे पहले, सीबीआई ने बलात्कार केस में राम रहीम सिंह के लिए अधिकतम सजा की मांग की थी। वहीं, राम रहीम के वकील ने कोर्ट से कहा कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता है, समाजसेवी हैं इसलिए सजा में नरमी में बरती जाए। वे लोगों की भलाई के लिए काम करते हैं। इसलिए जज को रहम दिखानी चाहिए।

वहीं, राम रहीम जज के सामने कोर्ट में रोने लगे कहा कि मुझे माफ़ कर दो। मुझे रेप के आरोपों से माफ़ कर दिया जाए मैंने बहुत सामाजिक काम किया है।


सुरक्षा का मोर्चा संभाले जवानों को संदिग्ध गतिविधि पर असामाजिक तत्वों को गोली मारने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह से ही पूरा रोहतक और सिरसा सेना की निगरानी में है। सिक्युरिटी के लिहाज से रोहतक में पैरामिलिट्री फोर्स की 23 कंपनियां तैनात की गई हैं। यह पहली बार होगा जब हरियाणा के किसी जेल परिसर में अदालत लगाकर सजा सुनाई गई।

इससे पहले, सीबीआइ के विशेष जज जगदीप सिंह हेलीकॉप्टर के जरिए रोहतक स्थित सुनारिया जेल पहुंचे थे। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है। सजा सुनाने के बाद जगदीप सिंह को तुरंत कड़ी सुरक्षा में वापस लाया जाएगा। सजा के बाद होने वाली प्रतिक्रिया से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। पुलिस महानिदेशक बीएस संधू के अनुसार अर्धसैनिक बलों की 26 कंपनियां तथा पुलिस तैनात की जा चुकी है। सेना की कई कंपनियों को विकल्प के तौर पर रखा गया है। यदि कोई उपद्रव होता है तो देखते ही गोली मारने के आदेश दिए जा चुके हैं।

रोहतक में कोर्ट की कार्यवाही शुरू होने से पहले राम रहीम का मेडिकल चेकअप किया गया। सुनारियां जेल पहुंचकर डॉक्टर्स की टीम ने बाबा का चेकअप किया। बाबा के जज एसके नरवाना रोहतक जेल पहुंच गए हैं।

डेरा प्रमुख को सजा के मद्देनजर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निवास और हरियाणा सचिवालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन दोनों स्थानों को अर्धसैनिक बलों के हवाले कर दिया गया है। सभी मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है, ताकि कोई सीएम निवास पर पहुंच न सकें।

पंजाब में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पंजाब के चार जिलों में कर्फ्यू लगाया गया है। इनमें बरनाला, मानसा, बठिंडा व पटियाला शामिल हैं। पटियाला के सिर्फ समाना व पातड़ां में ही कर्फ्यू है। हरियाणा में सिरसा के अलावा अन्य सभी जगहों से कर्फ्यू हटा दिया गया है।

सिरसा में बाबा के डेरे को खाली कराने के दौरान एडमिनिस्ट्रेशन को डेरे के अनाथालय में रह रहे 40 बच्चे मिले। इन्हें बाल आश्रम भेज दिया है। इसके अलावा शाही बेटियों के नाम से अलग बसेरा था, जिसमें 29 लड़कियां मिली हैं। समर्थक डेरा खाली कर रहे हैं, इन्हें ले जाने के लिए हरियाणा रोडवेज की 100 बसें पहुंची हैं। सपोर्टर्स को भड़काया जा रहा था। डेरा छोड़ रहे सपोर्टर्स के बैग्स की जांच की जा रही है। इन्हें डेरे से 15 किलोमीटर दूर छोड़ा जा रहा है।
हरियाणा और पंजाब में हिंसा के दौरान अब तक मरने वालों की संख्या 45 हो गई है। डीजीपी संधू के मुताबिक, पंचकूला में 32 लोगों की मौत हुई, सिरसा में 6 लोगों की मौत हुई, सभी की पहचान की जा चुकी है। पंचकूला में मरने वालों में से 24 की पहचान की जा चुकी है। पंजाब के सीएम अमरिंदर ने कहा था कि पंजाब में हिंसा के दौरान 7 लोगों की मौत हुई है।
Next Story