Archived

मशहूर तबला वादक लच्‍छू महाराज का काशी में निधन, अंतिम संस्कार में आएंगे गोविंदा

Special Coverage News
28 July 2016 12:29 PM GMT
मशहूर तबला वादक लच्‍छू महाराज का काशी में निधन, अंतिम संस्कार में आएंगे गोविंदा
x
उत्तर प्रदेश: मशहूर तबला वादक लक्ष्मण नारायण सिंह उर्फ पंडित लच्छू महाराज का काशी में निधन हो गया। वह 72 साल के थे। डॉक्‍टरों ने बताया, हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हुआ। वे कई दिनों से बीमार थे। उन्होंने फ्रांसीसी महिला टीना से शादी की थी। उनकी एक बेटी है। पत्नी और बेटी इस वक्त स्विट्जरलैंड में हैं।

उनका का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। वे एक्टर गोविंदा के मामा और गुरु थे। इस खबर के बाद गोविंदा अपनी शूटिंग कैंसल कर बनारस पहुंच रहे हैं। लच्छू महाराज के भाई ने बताया कि गोविंदा को तबला बजाना लच्छू महाराज ने ही सिखाया था। वह जब यहां आते थे साथ मिलकर ही तबला बजाया करते थे।

लच्छू महाराज को गोविंदा ने बचपन में ही अपना गुरु मान लिया था। जब लच्छू महाराज मुंबई जाते तो वे गोविंदा के घर में ही रुकते थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी पंडित लच्छू महाराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

लच्छू महाराज बेहद सादगी पसंद शख्स थे। उनके मित्र राम अवतार सिंह ने बताया कि वह इतने साधारण थे कि 2002-03 में यूपी सरकार की ओर से उन्हें पद्श्री दिया जा रहा था, लेकिन उन्होंने नहीं लिया। बाद में ये सम्मान उनके शिष्य पंडित छन्नू लाल मिश्र को मिला। जाने-माने तबला वादक अहमद जान ने कहा था कि काश लच्छू मेरा बेटा होता।
Next Story