Archived

असलहाधारियों के साथ कार के काफिले में आई 'दबंग गर्लफ्रेंड', मंडप से दूल्हे को किया किडनैप

Arun Mishra
17 May 2017 10:40 AM GMT
असलहाधारियों के साथ कार के काफिले में आई दबंग गर्लफ्रेंड, मंडप से दूल्हे को किया किडनैप
x
girl-kidnapped-his-lover-in-mid-of-his-marriage
हमीरपुर : यूपी के हमीरपुर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। शादी के दौरान हाथ में पिस्टल लेकर आई दबंग गर्लफ्रेंड ने मंडप के बीच से दूल्हे को किडनैप कर लिया। अभी तक दूल्हे का कोई पता नहीं चल सका है। दुल्हन इस घटना के बाद से सदमे में है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। विवाह स्थल से दूल्हे के अपहरण की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।

दरअसल, यह मामला बांदा जिले के थाना मटौंध का है। यहां के रामहेत यादव के बेटे अशोक की शादी हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के सियाराम की बेटी चंदा (बदला हुआ नाम) से तय हुई थी। 15 मई को बरात आई, जयमाल भी हो गया। इसके बाद सात फेरों के रस्म की तैयारी शुरू हो गई, अचानक विवाह स्थल के पास एक कार आकर रुकी। इसमें सवार लोग हथियारों से लैस थे। कार से एक लड़की हाथ में पिस्टल लिए निकली और सीधे मंडप के पास जा पहुंची। वो दूल्हे को खींचते हुए अपने साथ ले गई। साथि‍यों की मदद से लड़की ने दूल्हे को कार में बैठाया और फरार हो गई।

बाद में पता चला कि दूल्हे को उठाने वाली लड़की बांदा में जॉब करती है और मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली है। दूल्हे का पहले से ही अफेयर चल रहा था। दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर रखी थी, लेकिन दूल्हे के परिजनों ने उसकी पुरानी कहानी पर पर्दा डालकर यह शादी तय कर दी। यही बात प्रेमिका को नागवार गुजरी और वो दूल्हे को किडनैप कर ले गई।

चश्मदीद के मुताबिक, लड़की किडनैप के समय कह रही थी कि लड़के ने उससे कोर्ट मैरिज की थी। इसके कागजात उसके पास हैं। एडीशनल एसपी बीके मिश्रा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। दूल्हे सहित उस लड़की और साथ आए लोगों की तलाश जारी है।

वहीं, दुल्हन ने बताया, यह सब कब और कैसे हो गया कुछ समझ में नहीं आया। अगर उसका किसी और लड़की से अफेयर था तो हमारे साथ धोखा क्यों किया गया। यह बात लड़केवालों को पता थी, इसके बावजूद उन्होंने ऐसा किया।
Next Story