Archived

जेवर-बुलंदशहर हाईवे पर गैंगरेप पीड़ित की कहानी, 'मां जैसी हूं कहा, फिर भी नहीं बख्शा'

Arun Mishra
26 May 2017 3:36 AM GMT
जेवर-बुलंदशहर हाईवे पर गैंगरेप पीड़ित की कहानी,  मां जैसी हूं कहा, फिर भी नहीं बख्शा
x
सांकेतिक तस्वीर
जेवर-बुलंदशहर हाईवे पर 4 महिलाओं से गैंगरेप के बाद लूटपाट ..?
ग्रेटर नोएडा के जेवर से बुलंदशहर जाने वाले स्टेट हाईवे पर बुधवार रात करीब डेढ़ बजे कार सवार एक पर‌िवार चार बदमाशों के तांडव का श‌िकार बना। बदमाशों ने कार में बैठी 4 मह‌िलाओं के साथ गैंगरेप क‌िया फ‌िर पर‌िवार के साथ लूटपाट भी की। वहीं, विरोध करने पर एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी।

वारदात के दौरान महिलाएं बदमाशों के सामने गिड़गिड़ाती रहीं, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा। बदमाशों के चंगुल में फंसने वाली एक 50 साल की महिला भी थी। उसने उन हैवानों के सामने गिड़गिड़ाकर कहा, 'मैं तुम्हारी मां जैसी हूं।' परिवार के अन्य लोग भी गुहार लगाते रहे कि रुपये-गहने सब ले लो, लेकिन महिलाओं को छोड़ दो, लेकिन बदमाश नहीं माने। बदमाश परिवार को बंधक बना खेतों में खींच ले गए। उनसे 48 हजार रुपए और लाखों की जूलरी लूट ली। घरवालों के आंखों के सामने ही चार महिलाओं से गैंगरेप किया गया। एक पुरुष सदस्य ने विरोध किया तो गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या, गैंगरेप व लूट का केस दर्ज किया है।

लूट के शिकार पीड़ितों में एक शख्स का कहना है कि पांच बदमाशों ने हमें बंधक बना लिया फिर हमें पीटा गया। इसके बाद परिवार की चार महिलाओं को अलग ले जाकर उसने दुष्कर्म किया।

एक पीड़ित ने बताया कि उन्हें छह लोगों ने तमंचों, चाकुओं और रॉड्स के साथ घेर रखा था। उसने बताया, 'वे हमें खेतों में खींच ले गए और हवा में गोलियां चलाईं। उन्होंने हमारे फोन, पर्स और गहने छीन लिए। जब उन्होंने महिलाओं को हाथ लगाने की कोशिश की तो हमने विरोध किया। मेरे साले ने विरोध करना जारी रखा। बदमाशों ने पहले जमीन पर फायर किया, बाद में उसके सीने में गोली मार दी। हम उनसे गिड़गिड़ाते रहे कि हमें छोड़ दो, लेकिन उन्होंने हमारी एक बात नहीं सुनी।'

वारदात की सूचना मिलने पर जब पुलिस पहुंची, तो उस वक्त भी बदमाशों का तांडव जारी था. पुलिस की मानें तो उन्होंने बदमाशों पर फायरिंग भी की, लेकिन वो अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस पीड़ितों को थाने ले आई। गुरुवार को नोएडा के एक अस्पताल में पुलिस चारों महिलाओं की मेडिकल जांच कराई गई। प्रारंभिक रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई। सैंपल लखनऊ जांच के लिए भेजा गया है। इस मामले की जांच यूपी एसटीएफ कर रही है, जिसमें 6 अफसर शामिल हैं।

पुलिस को एक्सेल गैंग पर शक है। इसके साथ ही कई और बदमाश भी हैं जिनके पीछे पुलिस पड़ी हुई है। महिलाओं के बयान के मुताबिक़ बदमाश लोकल भाषा में बात कर रहे थे और उन्हें इलाके की अच्छी जानकारी थी। इसलिए पुलिस आस-पास के गांवों में बदमाशों को ढूंढ रही है।
Next Story