Archived

सडक पर विखरी मछलियाँ, लूटने की मची दिनदहाड़े लूट!

सडक पर विखरी मछलियाँ, लूटने की मची दिनदहाड़े लूट!
x

प्रतापगढ़ : नगर कोतवाली क्षेत्र के कटरा चौराहे के पास गुरुवार को सुबह लगभग सात बजे मछलियों की मंडी लग गई। वह भी पूरी तरह फ्री। लोग सड़क पर उछल रहीं मछलियों को ले जाने के लिए टूट पड़े। हालात ऐसे हो गए कि पुलिस को लाठी उठानी पड़ी।


दरअसल, संस्कार ग्लोबल स्कूल की बस कटरा की ओर जा रही थी। सुबह करीब सात बजे कटरा चौराहे के पास एक ट्रक सामने से आ गया। दोनों के चालकों ने ब्रेक मारकर वाहन रोके। इससे बच्चे बच गए। झटके से ब्रेक मारने के कारण ट्रक में लदी मछलियां पूरे चौराहे पर बिखर गई। ट्रक पर लदी मछलियां प्लास्टिक की पन्नी फटने से सड़क पर फैल गईं। पूरा कटरा चौराहा मछलियों से पट गया। मछलियां व पानी फैलने से चौराहे का अजब हाल हो गया। यह देख कटरावासियों में मछली लूटने की होड़ लग गई। जो जैसे पाता मछली लेकर भाग रहा था। कोई झोला लेकर आया तो कोई पालीथिन। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ मछलियां बीनने में लग गई। इससे लगभग आधे घंटे तक वहां जाम लग गया।


सूचना पर सिटी पुलिस चौकी इंचार्ज अमरनाथ राय मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को संभाला। डंडा पटककर उन्होंने लोगों को भगाया। ट्रक पर कई टन मछली लदी थी। घटना के बाद ट्रक चालक व खलासी मौके से खिसक लिए। सिटी चौकी प्रभारी ने बताया कि मछली कहां से कहां जा रही थी। इस बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। वह मछलियां लेकर भाग रहे लोगों को हटाने में लगे थे। वैसे आजकल मछलियां करीब 200 रुपये किलो बिक रही हैं। इसके जानकारों ने अनुमान लगाया कि चौराहे पर बिखरी मछलियां मांगुर प्रजाति की थीं।

Next Story