राष्ट्रीय

योगी सरकार पर बरसे कांग्रेस नेता राजबब्बर, बोले- 'एनकाउंटर से नहीं चलतीं सरकारें'

Arun Mishra
8 April 2018 9:19 AM GMT
योगी सरकार पर बरसे कांग्रेस नेता राजबब्बर, बोले- एनकाउंटर से नहीं चलतीं सरकारें
x
कांग्रेस नेता राज बब्बर ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री ‘पुलिस एनकाउंटर से सरकार चलाना चाहते हैं किंतु एनकाउंटर से सरकारें नहीं चलतीं।’
नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर कानून एवं व्यवस्था के मोर्चे पर बुरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राज बब्बर ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री 'पुलिस एनकाउंटर से सरकार चलाना चाहते हैं किंतु एनकाउंटर से सरकारें नहीं चलतीं।'
उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के अब तक के कार्यकाल के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने योगी सरकार के शासनकाल में सांप्रदायिक घटनाओं और पुलिस एनकांउटर के मामले बढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में आप जाकर देख लीजिए, वहां कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा, 'एनकाउंटर के नाम पर पुलिस 8-10 साल के बच्चों को गोली मार रही है। चाहे नोएडा हो या मथुरा या पूर्वांचल का कोई जिला, आपको पता चल जाएग कि इन पुलिस एनकाउंटर में कितने अपराधी और कितने बेगुनाह मारे जा रहे हैं।'
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि योगी सरकार पुलिस राज में अपना 'इकबाल' खो चुकी है। राज्य में बलात्कार, राहजनी, हत्या आदि आपराधिक घटनाओं तथा महिला एवं दलित उत्पीड़न में कोई कमी नहीं आई है। लेकिन 'योगी सरकार बयानबाजी में बहुत आगे है। उन्हें यह समझना चाहिए। वे एनकाउंटर से सरकार चलाना चाहते हैं..एनकाउंटर से सरकारें नहीं चला करतीं।'
कांग्रेस भले ही उत्तर प्रदेश में विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार पर हमले जारी रखे हुए है, किंतु पार्टी को राज्य में अपने संगठन की जमीनी स्थिति को मजबूत बनाने की जरूरत है। पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राज बब्बर ने माना कि राज्य में कांग्रेस संगठन पर हम बहुत ध्यान नहीं दे पाए, संगठन एक दिन में नहीं बनता।
राज्यसभा सदस्य राज बब्बर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में बहुत सारे नौजवानों को हिस्सा मिला, जो उनके लिए बहुत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि इससे कुछ बुजुर्ग और अनुभवी लोगों में नाराजगी हो पर उन्हें यह देखना चाहिए कि यह किसी सीनियर का अपमान नहीं है। उन्होंने कहा, 'उनका अपना एक खास स्थान है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का जो खाका बनेगा, वह अनुभवी और नौजवानों को साथ लेकर चलेगा। मुझे उम्मीद है कि संगठन के लिए भी काम होगा और 2019 के आम चुनाव के लिए भी काम होगा।'
Next Story