राष्ट्रीय

अगर अखिलेश से आज नहीं हुआ समझौता तो मुलायम कल कर सकते हैं बड़ा ऐलान

Vikas Kumar
24 Sep 2017 12:47 PM GMT
अगर अखिलेश से आज नहीं हुआ समझौता तो मुलायम कल कर सकते हैं बड़ा ऐलान
x
उत्तर प्रदेश की सियासत के लिए सोमवार का दिन काफी अहम है, अगर अखिलेश से आज रात तक समझौता नहीं हुआ तो मुलायम कल कर सकते हैं बड़ा ऐलान...

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले मुलायम सिंह यादव के आंगन में छिड़ी जंग अभी भी जारी है। उत्तर प्रदेश की सियासत के लिए सोमवार का दिन काफी अहम माना जा रहा है।

मुलायम सिंह यादव ने सोमवार सुबह 11 बजे लोहिया ट्रस्ट में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। माना जा रहा है कि अखिलेश से अगर आज रात तक कोई समझौता नहीं हुआ तो मुलायम सिंह यादव नये मोर्चे को लेकर 25 सितंबर को बड़ा ऐलान कर सकते है।

मुलायम सिंह यादव सोमवार को लखनऊ में नई पार्टी बनाने का ऐलान कर सकते हैं। मुलायम की नई पार्टी का नाम अखिल भारतीय समाजवादी पार्टी हो सकता है। इससे पहल लोहिया ट्रस्ट की बैठक में अध्यक्ष के तौर पर मुलायम सिंह यादव ने राम गोपाल यादव को बाहर का रास्ता दिखा दिया था।

मिली जानकारी के अनुसार मुलायम की प्रेस कांफ्रेंस में शिवपाल सिंह यादव भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। यही नहीं मुलायम सिंह यादव की पुरानी पार्टी लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह को भी प्रेस कांफ्रेंस में बुलाए जाने की खबर है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और परिवार में छिड़ी जंग थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव हैं, वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव हैं।

Next Story