Archived

टूटी सडकों पर उडती धूल, भाजपा का 'विकास' रास्ता गया भूल!

Arun Mishra
4 Oct 2017 5:00 AM GMT
टूटी सडकों पर उडती धूल, भाजपा का विकास रास्ता गया भूल!
x
जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम जयपुर में टूटी फूटी सड़को पर फर्जी वर्क आर्डर करके गड्ढे भरने से लेकर नई सड़क कागजो में बनाने के काम इन दिनों जोरो पर है I
हमारे देश के गाँव देहातो में एक कहावत थोथा चना बाजे घना आम जन में काफी प्रचलित है। यह कहावत इन दिनों भाजपा के शीर्ष पुरुष श्री श्री 1008 महाराज श्री जुमलेबाज पर पूर्णतया फिट बैठती है। महाराज श्री जुमले बाज का जो रूप वर्ष 2014 के लोक सभा चुनाव में देश की जनता ने देखा था, उसी रूप में महाराज श्री आज तक बने हुए हैं। चुनावी मोड पर हर समय रहने वाले महाराज श्री के श्री मुख से विपक्ष यानी कांग्रेस पार्टी को पानी पीकर सत्यानासी बताने का कार्य किया जा रहा है। महाराज श्री का यह शुभ कर्म आज तक जारी है। देश की जनता को आज तक महाराज श्री जुमलेबाज के दो ही रूप देखने को मिलते है। या तो महाराज श्री चुनावी मोड़ पर जुमले फैकते रहते हैं या फिर बचे हुए समय में फ्लाईट मोड़ पर रहते हैं।
वैसे हमारे देश में एक झांसी की रानी लक्ष्मी बाई भी हुई है। रानी लक्ष्मी बाई ने भाजपा के पुरखो के आका रहे अंग्रेजी कंपनी सरकार से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में युद्ध की रण भेरी बजाकर अपनी मर्दानगी, बहादुरी का लोहा मनवाया था। इतिहास में बुंदेले हर बोलो के मुहं हमने सुनी कहानी थी खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी। झांसी की रानी देश के स्वतंत्रता संग्राम में देश की आजादी के लिए लड़कर अमर हो गई। इन दिनों भाजपा के जुमलेबाज झांसी की रानी से प्रेरणा लेकर अपने झांसो के बल पर देश की जनता के दिल में अमिट छाप छोड़ रहे है। सब का अपना अपना काम करने का तरीका होता है, इसमें किसी को आपत्ति भी नही होनी चाहिए। कोई झांसी की महारानी बनकर इतिहास मे अपनी शूर वीरता और अपनी देश भक्ति के बल पर अमर हो जाती है तो कोई अपनी झांसे बाजी के बल पर अजर अमर होना चाहता है।
देश में चर्चा महात्मा गाँधी व नाथूराम गोडसे, डाकू मान सिंह, गोतम बुद्ध और महावीर स्वामी की भी होती है। सभी के अपने अपने कर्मो से समाज में याद किया जाता है। बात देश भक्ति की चल पडी तो यह भी बता दें की रानी लक्ष्मी बाई, तांत्याटोपे को अंग्रेज कंपनी सरकार से मिलकर पकडवाने के लिए कार्य करने वाले राजघराने के शीर्ष पुरुषो के शिखंडी आज भाजपा की सरकारों में मुख्यमंत्री बने हुए है। भाजपा की देश भक्ति में अनेक विरोधाभास आपको मिल जाएंगे। ये अंग्रेजो के स्वामी भक्त आज देश में देश भक्ति का स्वांग भरकर देश भक्ति का सर्टिफिकेट बाँट रहे है। इन दिनों सम्पूर्ण देश की जनता देख रही है कि जिन भाजपाइयों के पुरखे अंग्रेजी हुकूमत में कंपनी सरकार के राय बहादुर बनकर उनकी वफादारी में अपना जीवन धन्य कर गये। अब उनके पुत्र देश में धर्म, धर्मध्वज, धर्म की मर्यादा, देश भक्ति, देश प्रेम के पुरोधा बनकर अपने श्री मुख को कुछ ज्यादा ही वाचाल कर रहे है।
24 घंटे देश भक्ति, देश प्रेम में अपने श्री मुख को वाचाल रखने वाले महाराज श्री जुमले बाज का इन दिनों देश में अवतरण हो गया है। सारे भाजपाई श्री जुमले बाज महाराज की स्तुति गान से सराबोर होकर महानतम जुमले बाजी करने में जुट गये है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, यूपी, छतीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा राज्यों के मुख्यमंत्री भी अब जुमलेबाजी के दंगल में कूद पड़े है। बेचारे सारे भाजपाई अपने श्री मुख को कष्ट देकर चारो पहर वाचाल रखकर एक से बढ़कर एक जुमलेबाजी कर रहे है। इतनी व्यस्तताओ के कारण सबका साथ सबका विकास का नारा अपनी हैसियत खो चुका है।
भाजपा के जुमले बाज महराज का गुजरात ब्रांड का विकास अब रास्ता भटक सा गया है। हरियाणा राज्य में खट्टर सरकार का विकास रात के 12 बजे राज्य के एक आई.ए.एस. अधिकारी की बेटी के पीछे लगकर जो विकास की यात्रा तय करता है उसका अंतिम छोर बाबा राम रहीम के डेरे में जाता है। खट्टर का खटारा विकास बाबा राम रहीम की हनीप्रीत के मोह पास में बंधकर बलात्कारी राम रहीम को बचाने के लिए अँधा हो जाता है। सत्ता सुख ही आज परमसुख बन गया है तभी सम्पूर्ण हरियाणा सरकार का मंत्री परिषद् बाबा राम रहीम के डेरे में छिपे नर कंकालो के बीच बाबा की गुफा में सत्ता के जुगाड़ के लिए जरुरी वोट तलाश करने में लग जाता है।
यूपी में साधू से राजनेता बने भगवा वस्त्रधारी योगी जी से भी विकास कुछ ज्यादा ही रूठा हुआ है। राज्य के बनारस शहर में भाजपा का विकास आधी रात को लड़कियाँ के छात्रावास में घुसकर बेटियों के शरीर पर बेतरतीब हाथ पाँव मार रहा है। यह घटना बनारस हिन्दू विश्व विद्यालय के परिसर में घटित होती है जिसे संघ के अवतार पुरुष शिक्षा का मंदिर कहते है। शिक्षा के पवित्र मंदिर में भाजपा के विधायक मंत्रियों के विकास पुत्र छेड़छाड़ करके बेटियों के सम्मान को तार तार कर देते है। यूपी की पुलिस भाजपा के लाडले विकास पुत्रों को कुछ नही कहती इसके कारण भी बड़े साफ़ है।
पूर्व में भाजपा का विकास यूपी पुलिस के गालो के साथ पुलिस की सुन्दर रमणीय वर्दी तक पहुंचकर अपने कोमल हाथो से इन्हें सहला भी चुका है। मुख्यमंत्री के गृहजिले में ओक्सीजन के आभाव में जन्माष्टमी के पर्व पर कई आभागी माताओ से उनके बाल कृष्ण को भाजपा का विकास माँ की गोद में ही हमेशा की गहरी नींद सुला चूका है। राजस्थान राज्य में मुख्यमंत्री के साथ सम्पूर्ण मंत्री परिषद् भाजपा के रामराज में अपने अपने कुल का विकास करने में लगा निर्लज्ज भृष्टाचार कर रहा है। राज्य में अब भृष्टाचार का प्रतिदिन विकास हो रहा है मगर यह विकास भाजपा के जुमलो के महाराज की नजरो से पूर्णतया ओझल बना हुआ है।
भृष्टाचार के लूटे धन से सामंती रानी महारानी के साथ राज्य के चाटुकार, मसखरे, विधायक मंत्री भी अब अपने देश भक्त राष्ट्रवादी भृष्टाचार की नई नई वीर गाथाए लिख रहे है। इन सब सामंती मोहरों के बीच में रहकर नाई बनी प्रदेश की भृष्ट नोकर शाही भी अपने अपने उस्तरो से प्रदेश की जनता को नए नए जख्म देकर जनता के खून का रस्वादन कर रही है। राज्य में महारानी का शासन पिण्डारी लुटेरो की लूट की यादे ताजा कर रहा है और दिल्ली में बैठे महाराज श्री 1008 जुमले बाज सिर्फ जुमलो की जुगाली से भृष्टाचार सहन नही किया जाएगा का उदघोष कर रहे है। एक मसखरे से पूछने पर उसने बताया कि रात को चोकीदार जागते रहो का उदघोष करके ही तो चोरो से अपनी रातजगी की कीमत वसूलता है ।
श्री जुमले बाज महाराज के जुमलो में भृष्टाचार मिटाने का लक्ष्य नही है। बावले यह तो देश के नए-नए प्रधान सेवक प्रधान चोकीदार है जो बस विरोधियों और देश की जनता को भरमाने के लिए ही कभी कभी अपनी जुमलेबाजी के बलपर अपनी नाकारा उपस्थिति को दर्ज कराने के लिए कुछ जुमले बाजी कर देते है। इनकी जुमले बाजी ही तो हम भृष्ट भाजपाइयों के थके हारे होसलो में नई जान फूंकने का काम करती है। वैसे भी हमारे शाहजी ने प्रधान सेवक जी को चीन में बने विदेशी कम्पनी के चश्मे को स्वदेशी बताकर पहना दिया है। विदेशी तकनीक से बने चश्मे के कारण प्रधान सेवक को राम नाम से शुभ मुहूर्त में शुरू होने वाला स्वदेशी, राष्ट्रवादी, कर्मकांडी भाजपाइयों का भृष्टाचार थोड़े ही दिखता है। चाहे पेटीएम् हो या फिर सरदार पटेल की मूर्ति बनाने का काम हर काम में अब मेक इन इंडिया की बात करने वाले प्रधान सेवक जी को चाईना अमरीका ही दिखाई देता है I
अब प्रधान सेवक जी को हमारा स्वदेशी कुनबे का राष्ट्रवादी भृष्टाचार कहाँ दिखता है I यह सुनते ही हमारी भी समझ में आ गया है कि भैया क्यों राजधानी जयपुर में बिना सड़क बनाये मंत्री अरुण चतुर्वेदी पैसे पास कराकर नगर निगम से भुगतान उठा रहा है I स्मार्ट सिटी जयपुर के भाजपा वाले बड़े स्मार्ट है, भाई हमारे तो विधायक मोहन लाल भी कई कई सो करोड़ रूपये ब्याज पर चला रहे है I
जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम जयपुर में टूटी फूटी सड़को पर फर्जी वर्क आर्डर करके गड्ढे भरने से लेकर नई सड़क कागजो में बनाने के काम इन दिनों जोरो पर है I प्रधान सेवक जी के कार्यालय से मंत्री चतुर्वेदी की सड़क घोटाले की जांच के आदेश आ गये है पर कागजी आदेश कागजो में ही दफ़न हो जाते है I इसमें भाजपाइयों को घबराने जैसी बात कहाँ है ? सब को साथ रखकर सिर्फ अपना विकास करने का फार्मूला इन दिनों जयपुर में खूब चल रहा है I टूटी सडकों पर जनता दुर्घटना में काल कवलित हो रही है I जनता में विकास के नारे खूब लगाओ और अपना व अपने कुल का भृष्टाचार से विकास करों I एक अकेले विकास कुमार पर इतने सारे भाजपाइयों के घर भरने का बोझ बेचारे विकास को पागल बना रहा है I ऐसे में भाजपा के विकास का रास्ता भूलना तो तय था और यह हो भी रहा है।







लेखक : मो. हफीज, व्यूरो चीफ, राजस्थान
Next Story