Archived

बजट के बाद शेयर बाजार में भूचाल, सेंसेक्स 840 अंक टूटा, निफ्टी में 276 अंकों की गिरावट

Vikas Kumar
2 Feb 2018 11:41 AM GMT
बजट के बाद शेयर बाजार में भूचाल, सेंसेक्स 840 अंक टूटा, निफ्टी में 276 अंकों की गिरावट
x
वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा पेश किया गया बजट बाजार को रास नहीं आया है। शुक्रवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिला। शेयर बाजार में सुबह से ही गिरावट का दौर देखने को मिला।

नई दिल्ली : मोदी सरकार के आम बजट के अगले दिन शेयर बाजार में सुबह से ही गिरावट का दौर देखने को मिला। वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा पेश किया गया बजट बाजार को रास नहीं आया है। शुक्रवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिला।

कारोबार के अंत में शुक्रवार को शेयर सेंसेक्स 839.91 अंक गिरकर 35,066.75 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 256.30 प्वाइंट की गिरावट के साथ 10,760 अंक के स्तर पर बंद हुआ। अगस्त 2017 के बाद पहली बार मार्केट इतना नीचे गया है।

पूरे दिन शेयर बाजारों में आज गिरावट ही देखी गई। बीच बीच में कभी करेंक्शन देखने को मिला, लेकिन यह ज्यादा देर तक नहीं रह पाया। आईटी और फार्मा को छोड़कर बाकी लगभग सभी शेयरों में गिरावट देखी गई।

शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा गिरकर कारोबार करने वाला सेंसेक्स कारोबार के अंत में करीब 840 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। दोपहर करीब 12 बजे सेंसेक्स अब 550 अंक से ज्यादा टूटकर कारोबार कर रहा था, इसी समय निफ्टी में भी 170 अंकों से ज्यादा गिरावट देखने को मिली। दोपहर करीब 3 बजे सेंसेक्स 883 अंक टूटकर करीब 35 हजार से ऊपर कारोबार कर रहा था। इसी समय निफ्टी में भी 275 अंक की गिरावट देखी गई और यह करीब 10,740 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इस बीच क्रेडिट रेटिंग एजेंसी फिच ने शुक्रवार को कहा कि सरकार पर कर्ज के भारी दबाव के कारण भारत की रेटिंग में सुधार रुक गया है। फिच का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक ही दिन पहले पेश बजट में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राजकोषीय घाटे का लक्ष्य जीडीपी के 3.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 3.5 प्रतिशत किया है।

शेयर बाजार में गिरावट का कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव, स्थानीय कारण, बजट और फिच की रेटिंग का असर भी माना जा रहा है। बैंक निफ्टी में काफी गिरावट देखने को मिल रही है। ज्यादातर बैंकों के शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 4 फीसदी गिरकर 16,575 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स 4.3 फीसदी लुढ़क कर 19,760.4 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 4.7 फीसदी की कमजोरी के साथ 17,850 के नीचे बंद हुआ। निफ्टी का स्मॉलकैप इंडेक्स 6 फीसदी टूटकर 8,251 के स्तर पर बंद हुआ।

Next Story