Archived

महेंद्र सिंह धोनी के वनडे में 10 हज़ार रन पूरे, ऐसा करने वाले चौथे भारतीय

Arun Mishra
15 July 2018 3:57 AM GMT
महेंद्र सिंह धोनी के वनडे में 10 हज़ार रन पूरे, ऐसा करने वाले चौथे भारतीय
x
धोनी ने ये कीर्तिमान अपने 320वें मैच में बनाया।

नई दिल्ली : भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे क्रिकेट में एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। वह एक दिवसीय मैचों के दस हजारी बन गए हैं। वह ऐसा करने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ही इस मुकाम पर पहुंचे हैं। खास बात ये है कि ज्यादातर मैचों में निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए धोनी ने यह मुकाम हासिल किया है। धोनी वनडे मैचों में 10 हजार रन बनाने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाजे हैं। धोनी ने जहां 11,321 गेंदों में 10 हजार रन पूरे किए वहीं, श्रीलंका के सनत जयसूर्या ने 11,303 गेंदों में 10 हजार रन बनाए।

10 हजार रन के क्लब में शामिल होने वाले धोनी 12वें क्रिकेटर हैं। खास बात ये है कि धोनी ने 50 से ज्यादा के औसत के साथ 10 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं।धोनी ने ये कीर्तिमान अपने 320वें मैच में बनाया।

औसत के लिहाज से धोनी ने सचिन तेंदुलकर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को भी पछाड़ दिया है। सचिन का औसत 45 है जबकि पोंटिंग ने 42 के औसत से रन बनाए हैं।धोनी के बाद औसत में सबसे ऊपर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज जाक कैलिस हैं जिन्होंने 44 के औसत से 10 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं।

37 साल के धोनी ने 10 हजार रन पूरे करने के लिए 273 पारियां खेली। रिकी पोंटिंग ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 266, जैक्स कैलिस ने 272, सचिन तेंदुलकर ने 259 और सौरव गांगुली ने 263 पारियां खेली थी। धोनी नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने आते हैं। धोनी के अलावा इस मुकाम पर पहुंचने वाले बाकी सभी बल्लेबाज या तो ओपनर हैं या तो नंबर 3 या नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आते थे। ऐसे में किसी भी बल्लेबाज के लिए नंबर 6 और 7 पर आकर बल्लेबाजी करना और 10 हजार रन बनाना अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

Next Story