Archived

राहुल गांधी बिहार के कुछ वरिष्ठ नेताओं से है नाराज़, हो सकती है इनकी छुट्टी!

Vikas Kumar
8 Sep 2017 8:14 AM GMT
राहुल गांधी बिहार के कुछ वरिष्ठ नेताओं से है नाराज़, हो सकती है इनकी छुट्टी!
x
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बिहार के कुछ वरिष्ठ नेताओं से नाराज़ है, उन्होंने पार्टी के विधायकों के एक समूह से मुलाकात की। इन नेता की हो सकती है छुट्टी...

पटना : बिहार कांग्रेस में टूट की आशंका के बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के विधायकों के एक समूह से मुलाकात की। विदेश से लौटते ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस में टूट रोकने के लिए विधायकों से मुलाकात की। राहुल गांधी बिहार के कुछ वरिष्ठ नेताओं से नाराज़ है, उन्हें लगता है कि पार्टी के यही बड़े नेता विधायकों को तोड़ने में लगे हैं।

वहीं कांग्रेस विधायकों ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिलकर अशोक चौधरी पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया है। सूत्रों के मुताबिक अशोक चौधरी अध्यक्ष पद से हटाए जाएंगे। पटना में राहुल की नाराज़गी और प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने की आशंका से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी मीडिया के सामने अपने आंसू नहीं रोक पाए।

अशोक चौधरी ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के नेताओं पर पूरे विभाजन की कहानी की आड़ में उन्हें हटाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके पिता ने 50 वर्षों तक पार्टी की सेवा की और वे खुद 25 सालों से पार्टी में सक्रिय हैं, तब उन पर शक करना क्या लाज़िमी है? हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी और गांधी परिवार के प्रति उनकी निष्ठा रही है इसलिए राहुल गांधी उनके भविष्य पर कोई भी निर्णय ले सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी को नहीं बुलाया गया। पार्टी के बिहार के नेताओं से बात के बाद राहुल गांधी खासतौर पर अशोक चौधरी से नाराज हैं। पार्टी में मची भगदड़ के लिए राहुल अशोक चौधरी को ही जिम्मेदार मान रहे हैं। बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह नयी दिल्ली में राहुल से मिलने के लिए आने वाले पार्टी विधायकों के साथ नहीं आए।

राहुल की बिहार के पार्टी विधायकों के साथ हुई इस बैठक में पार्टी महासचिव और राज्य के प्रभारी डॅा. सी पी जोशी भी मौजूद थे। वहीं कांग्रेस के छह विधायकों ने मीटिंग में दिल्ली आने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि वे बाढ़ से प्रभावित अपने विधानसभा क्षेत्र में व्यस्त हैं।

दरअशल 27 विधायकों वाली कांग्रेस में टूट के लिए 18 विधायक चाहिए। दल-बदल कानून के मुताबिक अगर दो तिहाई यानी 18 से कम विधायक पार्टी छोड़ेंगे तो सदस्यता जाने का खतरा रहेगा। इन ख़बरों के बाद राहुल गांधी के लिए पार्टी को एकजुट रखना कड़ी चुनौती है। बिहार में कांग्रेस के पास 27 विधायक हैं, उसमें से 19 पार्टी छोड़ना चाहते हैं।

Next Story