Archived

सपा ने सदर तहसील पर धरना देकर योगी सरकार पर लगाई किसानों की अनदेखी की तोहमत

सपा ने सदर तहसील पर धरना देकर योगी सरकार पर लगाई किसानों की अनदेखी की तोहमत
x
किसानों की समस्याओं को लेकर आज सदर तहसील मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी ने विधायक/पूर्व राज्यमन्त्री (स्वतन्त्र प्रभार) नितिन अग्रवाल के निर्देशन में धरना व प्रदर्शन किया है। इस मौके पर सदर उन्होंने भाजपा की कथनी और करनी पर सवाल उठाए। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार में किसान बेहाल है। सरकार किसानों के कल्याण की योजनाओं व कार्यक्रम की घोषणा दिन प्रतिदिन कर रही है, पर वास्तव में धरातल पर किसानों के लिए कोई लाभकारी कार्य नहीं हुआ है। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में किसानों को मुफ्त सिंचाई, फसल बीमा, समय पर बिजली, उर्वरक एवं बीज की आपूर्ति की व्यवस्था थी। भाजपा सरकार इनको बनाए रखने में भी असफल है और किसान बर्बाद होता जा रहा है।
ज्ञापन में बिंदुवार समस्याओं का ज़िक्र भी है। कहा गया है,
1- आलू की खरीद का वायदा सरकार द्वारा सत्ता संभालते ही मार्च 2017 में किया गया था परंतु वायदा खोखला निकला। आज किसान आलू सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर हो गया है। लागत दाम भी ना मिलने से कोल्ड स्टोर से निकासी नहीं हो रही है नई उपज आ गई है।
2- धान की अच्छी उपज होने से किसानों के धान को बिचौलियों द्वारा खरीदा जा रहा है। सरकार खरीद बिचौलियों द्वारा कराई जा रही है, किसानों को धान औने-पौने दाम पर बेचना मजबूरी हो गई है।
3- किसानों द्वारा खेती की सिंचाई के लिए अपने निजी नलकूप लगाए गए हैं। समाजवादी सरकार में बिजली की सिंचाई के नलकूपों के लिए 800 से 1000 रुपये प्रति 10 हॉर्स पावर देना पड़ता था। परंतु किसान विरोधी भाजपा सरकार द्वारा बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि कर के लगभग 2000 रुपये प्रति 10 हॉर्स पावर अर्थात दोगुना कर दिया गया है। सरकार का यह निर्णय किसान विरोधी है।
4- रबी की फ़सल की बुवाई के समय उर्वरक नहीं मिला और ना ही उन्नतशील बीजों का प्रबंध किया गया। इस समय भी सिंचाई के समय उवर्रक नहीं मिल पा रहा है।
5- गन्ना किसानों को गन्ना मूल्य अभी तक नहीं मिल पाया है। वर्ष 2017 का गन्ना पेराई के समय का लगभग 1500 करोड़ रुपए अभी भी बकाया है तथा वर्तमान वर्ष 2018 की पेराई के समय का इस समय लगभग 2000 करोड रुपए बकाया हो गया है।
अंत में कहा गया है कि किसानों की समस्याओं के समाधान की ओर प्रदेश सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण है। वास्तव में भाजपा सरकार विकास विरोधी होने के साथ किसान विरोधी है। किसानों की अनदेखी पर समाजवादी पार्टी उदासीन नहीं रह सकती है। प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए आज जनपद हरदोई की सदर तहसील के हम हज़ारों किसान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर उप ज़िलाधिकारी सदर के कार्यालय पर धरना पर बैठे हुए किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर रहे हैं। निर्णय लिया गया है कि किसानों की समस्याओं की ओर आपका ध्यान आकर्षित करते हुए उप ज़िलाधिकारी के माध्यम से यह ज्ञापन सौंपा जाए। हमारी मांग है कि प्रदेश सरकार को हमारी समस्याओं पर राहत दिलाने के निर्देश देने का कष्ट करें।
रिपोर्ट-ओम त्रिवेदी
Next Story