Archived

शिवपाल सिंह का ट्रंप कार्ड, अमित शाह और अखिलेश भी हैरान

शिवपाल सिंह का ट्रंप कार्ड, अमित शाह और अखिलेश भी हैरान
x
यूपी की सियासत में तूफान से पहले जैसी शांति है। सैफई में राजनीति की नई कहानी की पटकथा तैयार होने लगी है। सपा के सुल्तान अखिलेश यादव के सगे चाचा और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव अपनी ताकत को आंकने और समर्थकों की टोली को मजबूत करने में जुटे हैं। जरिया बनाया है शिवपाल सिंह यादव फैंस एसोसियेशन। इसके साथ ही शिवपाल का सेक्युलर मोर्चा भी राजनीतिक मोर्चे पर तैनात है। शिवपाल की रणनीति है कि फैंस एसोसियेशन के जरिए समूचे प्रदेश में बूथ लेबल तक नेटवर्क बनाकर मिशन 2019 में अहम भूमिका निभाना। राजनीतिक पंडितों के मुताबिक, शिवपाल सिंह अपनी ताकत का इस्तेमाल सपा के साथ अथवा सपा के खिलाफ किसी भी स्थिति में करेंगे। सपा में तरजीह मिली तो शिवपाल सिंह यादव फैंस एसोसियेशन का नेटवर्क अखिलेश की ताकत बनेगा, अन्यथा किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ सौदेबाजी में यह ताकत फायदा देगी।
सामाजिक न्याय यात्रा निकालेगी आशीष चौबे की टोली
किसी वक्त अखिलेश यादव के बेहद करीबी रहे कानपुर के युवा नेता आशीष चौबे ने शिवपाल सिंह यादव फैंस एसोसियेशन का गठन किया है। सोसाइटी एक्ट के तहत रजिस्टर्ड फैंस एसोसियेशन ने जल्द ही समूचे प्रदेश में सामाजिक न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। प्रत्यक्ष तौर पर इस यात्रा की अगुवाई आशीष चौबे करेंगे, लेकिन पर्दे के पीछे से शिवपाल सिंह यादव के दिशा-निर्देश मिलते रहेंगे। आशीष चौबे के मुताबिक, इस यात्रा का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब, शोषित और मजबूर व्यक्ति को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि जुलाई के दूसरे पखवारे से यात्रा की शुरुआत होगी। पहले चरण में लखनऊ, कानपुर, बुंदेलखंड और आलू बेल्ट के 15 जिलों में सामाजिक न्याय रथ घूमेगा। इस दौरान प्रत्येक बूथ के दर्जनों कार्यकर्ता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में रथ के साथ रहेंगे, दूसरे विधानसभा क्षेत्र में पहुंचते ही वहां के बूथ कार्यकर्ता रथ के कारवां में जुड जाएंगे।
एलईडी रथ में गूंजेगा शिवपाल का योगदान और त्याग
यूं तो सामाजिक न्याय यात्रा का उद्देश्य शोषित किसान-मजदूर की आवाज को मुखर करने के लिए है, लेकिन असल मकसद शिवपाल सिंह यादव की ताकत को मजबूत करना है। इसी नाते बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को फैंस एसोसियेशन के साथ जोडऩे और सक्रिय करने की रणनीति है। सामाजिक न्याय यात्रा के लिए एलईडी रथ तैयार किया गया है, जिसमे सिल्वर स्क्रीन पर शिवपाल सिंह यादव के शुरुआती राजनीतिक दौर से लेकर वर्तमान स्थिति का चित्रण किया जाएगा। लघु फिल्म के जरिए दिखाया जाएगा कि मुलायम सिंह यादव को मजबूत करने के साथ-साथ सपा की पहचान बनाने और सैफई के कुनबे का राष्ट्रीय ग्राफ बनाने के लिए शिवपाल ने क्या-कैसा योगदान दिया है, साथ ही कब-कब त्याग किया है। लघु फिल्म की पटकथा अभी पर्दे के पीछे हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, लघु फिल्म में सपा के संग्राम को शामिल नहीं किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस होगी यात्रा, 50 जिलों पर लक्ष्य
शिवपाल सिंह यादव फैंस एसोशियेशन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चौबे के मुताबिक फिलहाल यूपी के 50 जिलों पर फोकस करने की रणनीति है। प्रत्येक जिले में फैंस एसोशियेशन का गठन हो चुका है, अब बूथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी बांटने का काम जारी है। क्या लोकसभा चुनाव में फैंस एसोशियेशन की ताकत सपा को मजबूत करेगी ? इस सवाल के जवाब में चौबे ने कहाकि मिशन 2019 के लिए टीम तैयार है, अभी अन्य लोगों को जोडऩे की प्रक्रिया जारी है, लेकिन मिशन 2019 में फैंस एसोशियेशन की ताकत का कैसा और कहां इस्तेमाल किया जाना है, यह तो शिवपाल सिंह यादव ही तय करेंगे। आशीष चौबे के बयान से जाहिर है कि मिशन 2019 के लिए अभी शिवपाल सिंह की रणनीति स्पष्ट नहीं है। इस संदर्भ में वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक अशोक पाण्डेय कहते हैं कि शिवपाल सिंह यादव दुधारी तलवार लेकर मैदान में कूदेंगे। सपा में सम्मान मिला तो अपने समर्थकों की टोली को अखिलेश का किला मजबूत करने में जुटा देंगे, अन्यथा इसी ताकत के बूते कांग्रेस जैसे किसी राजनीतिक दल के साथ सम्मानजनक समझौता करेंगे।
शिव कुमार मिश्र

शिव कुमार मिश्र

    Next Story