श्रावस्ती

श्रावस्ती की पहली महिला SP बनीं IPS प्राची सिंह, तेज तर्रार और जांबाज अफसरों में होती है गिनती

Arun Mishra
13 Jan 2023 8:40 AM GMT
श्रावस्ती की पहली महिला SP बनीं IPS प्राची सिंह, तेज तर्रार और जांबाज अफसरों में होती है गिनती
x
प्राची सिंह 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं।

श्रावस्ती : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बीते गुरुवार की शाम होते-होते 22 आईपीएस अफसरों का तबादला कर दिया। सरकार ने प्रदेश के कई जिलों के पुलिस कप्तानों को भी बदल दिया है। इनमें श्रावस्ती जिले के पुलिस कप्तान भी शामिल हैं। अब श्रावस्ती जनपद की जिम्मेदारी आईपीएस अफसर प्राची सिंह को सौंपी गई हैं। जिले का सृजन होने के बाद पहली बार किसी महिला आईपीएस को श्रावस्ती का पुलिस कप्तान बनाया गया है।

तेज तर्रार अफसरों में होती है प्राची सिंह की गिनती

आईपीएस अधिकारी प्राची सिंह की गिनती तेज तर्रार और जांबाज अफसरों में की जाती है। आईपीएस प्राची सिंह श्रावस्ती के 41वें एसपी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगी। राजधानी लखनऊ में क्राइम रेट को कम करने और महिलाओं को सुरक्षित बनाने में आईपीएस प्राची सिंह का काफी बड़ा और अहम योगदान भी रहा है। अब उनका ट्रांसफर श्रावस्ती जनपद में कर दिया गया है।

2017 बैच की आईपीएस अफसर हैं प्राची सिंह

जानकारी के अनुसार, प्राची सिंह 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उनके पिता का नाम राम सिंह गौतम है, जो कि एक पीसीएस अफसर हैं। वहीं, मां उषा सिंह तीन विषयों में मास्टर हैं। उनका भाई यशोवर्धन स्टूडेंट है। आईपीएस प्राची सिंहका शौक पैराग्लाइडिंग, घुड़सवारी और समाचार पढ़ना है। आईपीएस प्राची सिंह का होम टाउन फतेहपुर जिला है।

पहले प्रयास में क्रैक किया यूपीएससी

सिविल सर्विस की परीक्षा पास करना एक बेहद कठिन काम है। बहुत कम लोग होते हैं, जो पहले प्रयास में ही अच्छे रैंक के साथ यूपीएससी की तीनों चरण को सफलतापूर्वक पार कर लेते हैं। लखनऊ पूर्वी जोन की मौजूदा डीसीपी प्राची सिंह भी इन्हीं चंद लोगों की श्रेणी में शुमार हैं। सिंह ने साल 2017 में पहले प्रयास में ही यूपीएससी क्रैक कर लिया था। उनकी रैंक 154 आई थी। इस तरह मात्र 25 साल की उम्र में वह आईपीएस अधिकारी बन गईं।

Next Story