Archived

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने डीएम दफ्तर के पास सीएम योगी से रचाई शादी

आनंद शुक्ल
6 Dec 2017 6:16 AM GMT
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने डीएम दफ्तर के पास सीएम योगी से रचाई शादी
x
एक युवती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना पति मान लिया है।महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण पर सीएम योगी के फोटो के साथ सात फेरे लिए।

लखनऊ: सीतापुर में एक अजीब मामला सामने आया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की कई लंबित मांगों पर सीएम का ध्यान आकर्षित कराने के लिए ही कार्यकर्ताओं को ये अनोखा तरीका अपनाना पड़ा। यहां पर एक युवती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना पति मान लिया है। इस युवती ने कल शादी की पूरी रस्मों को निभाते हुए सीएम योगी के फोटो से शादी रचा ली। दरअसल अपनी मांगों के ना माने जाने से यहां के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नाराज चल रहे थे।

रस्मों-रिवाज़ से हुई शादी

महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण पर सीएम योगी के फोटो के साथ सात फेरे लिए। इस शादी में सभी रस्में जिले के विकास भवन परिसर में पूरी की गईं। ये शादी पूरे रस्मों-रिवाज के साथ हुई। शादी पूरी होने के बाद नीतू सिंह ने सीएम योगी की फोटो के साथ स्थानीय मंदिर में जाकर दर्शन भी किये। इस शादी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां आये हुए थे। इस शादी के पीछे महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मकसद अपनी मांगे सीएम योगी तक पहुंचाना था। महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि पति अपनी पत्नी को हर खुशी देता है। उसकी हर जिद को पूरी करता है। इसलिए नीतू सिंह ने ये रास्ता अपनाया है और अब वो योगी जी के साथ रहने की बात भी कह रही है।

ये है कार्यकर्ता की मांगे

बीजेपी सरकार ने अपने घोषणा पत्र में जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की बात कही थी उसको पूरा करे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का मानदेय ना रोकें बल्कि समय पर मानदेय दें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा मिले। चार हजार रुपए प्रतिमाह मिलने वाले वेतन को 18,000 रुपए प्रतिमाह किया जाए।

Next Story