पटना

नीतीश कुमार ने प्रज्ञा को लेकर दिया बयान तो राबड़ी देवी ने कहा..तो एनडीए से अलग क्यों नहीं हो जाते

Special Coverage News
19 May 2019 8:16 AM GMT
नीतीश कुमार ने प्रज्ञा को लेकर दिया बयान तो राबड़ी देवी ने कहा..तो एनडीए से अलग क्यों नहीं हो जाते
x
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी का कहना है कि अगर नीतीश को प्रज्ञा के बयान से इतनी तकलीफ थी को बीजेपी से अलग हो जाना चाहिए था। बता दें कि जेडी(यू) बिहार में एनडीए की सहयोगी है।

पटना : महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे पर मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को निंदनीय बताने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान पर आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने पलटवार किया है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी का कहना है कि अगर नीतीश को प्रज्ञा के बयान से इतनी तकलीफ थी को बीजेपी से अलग हो जाना चाहिए था। बता दें कि जेडी(यू) बिहार में एनडीए की सहयोगी है।

बता दें कि साध्वी प्रज्ञा के नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताए जाने पर घिरी बीजेपी को बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा था कि साध्वी प्रज्ञा के ऐसे बयान के लिए उन्हें पार्टी से बाहर करने पर विचार करना चाहिए। नीतीश कुमार ने कहा था कि यह निंदनीय है। गांधी जी को लेकर इस तरह के बयानों को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह बीजेपी का अंदरुनी मामला है, लेकिन इस तरह के बयान के लिए उन्हें पार्टी से निकालने पर विचार करना चाहिए।



'नीतीश को सरकार से अलग हो जाना चाहिए था'

नीतीश के बयान पर विपक्ष सवाल उठा रहा है कि आखिर उन्होंने इतनी देर से इसकी याद क्यों आई। उन्होंने पहले ही प्रज्ञा के बयान की आलोचना क्यों नहीं की। नीतीश के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आरजेडी मुखिया लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने कहा, 'सरकार से अलग हो जाना चाहिए था, इतनी तकलीफ है प्रज्ञा ठाकुर से तो इस्तीफा देकर अलग हो जाना चाहिए उनको।'

उन्होंने आगे कहा, 'नीतीश लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।' राबड़ी ने यह भी दावा किया कि 23 मई को महागठबंधन जीत रहा है और 400 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। मोदी को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया।

बिहार की 8 सीटों पर मतदान

आखिरी चरण में बिहार की 8 सीटों पर मतदान जारी है। इसमें नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद में मतदान हो रहे हैं। इसके अलावा डेहरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। पाटलिपुत्र, पटना साहिब और सासाराम में दिलचस्प मुकाबला है। पाटलिपुत्र में मीसा भारती और बीजेपी के रामकृपाल यादव के बीच टक्कर है। रामकृपाल यादव यहां से 2014 में भी चुनाव जीत चुके हैं।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story