दिल्ली

नए साल के जश्न पर दिल्ली में भीषण जाम , खोले गए बंद हुए मेट्रो स्टेशन

Shiv Kumar Mishra
1 Jan 2020 4:37 PM GMT
नए साल के जश्न पर दिल्ली में भीषण जाम , खोले गए बंद हुए मेट्रो स्टेशन
x
नई दिल्ली: नए साल के पहले दिन भीषण जाम के कारण दिल्ली की रफ्तार थम गई। राजधानी के कई इलाकों में लोग फंसे रहे। जबकि भीड़ भाड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) ने पांच मेट्रो स्टेशन को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया था। हालांकि करीब एक घंटे के बाद इन्हें दोबारा से खोल दिया गया।

पीटीआई के मुताबिक, बुधवार शाम 6 बजकर पांच मिनट से केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, प्रगति मैदान, खान मार्केट और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया गया था। जिसे अब यात्रियों के लिए दोबारा से खोल दिया गया है। डीएमआरसी के अनुसार, इन सभी मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ को कम करने के लिए ऐसा कदम उठाया गया था। यहां पर अब मेट्रो का परिचालन सामान्य है।

कनॉट प्लेस में लगा भीषण जाम


वहीं कनॉट प्लेस में भीषण जाम लग गया है। दरअसल नए साल पर अधिकतर लोग घरों से बाहर निकल गए। कुछ लोग पिकनिक मनाने तो कुछ लोग बाजारों में खरीददारी करने पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से यहां पर भीषण जाम लग गया है। जाम की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उधर, नव वर्ष पर विकास मार्ग पर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है। यहां पर लोग घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि विकास मार्ग पर दोनों तरफ जाम लगा है।

जानकारी के अनुसार, इन जगहों के अलावा दिल्ली के कई इलाकों में भी जाम लग गया है। इंडिया गेट के पास बुधवार शाम को वाहन रेंगते हुए नजर आए।


बता दें कि नए साल पर ज्यादातर जगहों पर छुट्टी होने की वजह से लोग घरों से बाहर निकले। सड़क पर अचानक भीड़ होने से जगह-जगह जाम लगने लगा।

इसके अलावा बारापूला फ्लाईओवर पर भी भीषण जाम लग गया है। जाम की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पांच मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार बंद होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई है।

नए साल की पूर्व संध्या पर राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर बंद था एग्जिट गेट

इससे पहले नए साल की पूर्व संध्या पर भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने मंगलवार को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने पर रोक लगा दी थी। हालांकि एंट्री पर रोक नहीं लगी थी। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर रात 9 बजे के बाद प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया था।

Tags
Shiv Kumar Mishra

Shiv Kumar Mishra

Next Story