दिल्ली

बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आमरण अनशन पर बैठीं स्वाति मालिवाल

Special Coverage News
3 Dec 2019 9:13 AM GMT
बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आमरण अनशन पर बैठीं स्वाति मालिवाल
x
बच्चियों और महिलाओं के साथ बढ़ते दुष्कर्म मामलों के खिलाफ दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है

देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार चाहें तमाम कानून बना रही हो, लेकिन अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अब बच्चियों और महिलाओं के साथ बढ़ते दुष्कर्म मामलों के खिलाफ दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इससे पहले स्वाति मालिवाल ने अपने ट्विटर अकाउंट से यह जानकारी दी थी कि दिल्ली पुलिस उन्हें हड़ताल करने से रोक रही है।

हालांकि इसके बावजूद स्वाति मालिवाल हड़ताल पर बैठ चुकी हैं। उन्होंने लिखा था कि, 'पुलिस हमें जंतर-मंतर पर बैठने नहीं दे रही। रातभर पुलिस ने पूरा जंतर-मंतर बैरिकेडिंग करके टेंट, माइक और टॉयलेट नहीं लगने दिया। साफ बोल रहे हैं।

अनशन नहीं करने देंगे! देश में एक महिला शांति से अनशन भी नहीं कर सकती? केंद्र सरकार को ऐसा भी क्या डर? क्या सच में लोकतंत्र है?'उन्होंने आगे लिखा था, 'चाहे कुछ हो जाए, पुलिस और केंद्र कितनी भी कोशिश कर ले, मेरा आमरण अनशन हर हाल में जारी रहेगा। जब तक केंद्र पूरे देश के लिए ऐसा सिस्टम नहीं बनाती कि रेपिस्ट को हर हाल में छह महीने में फांसी हो, तब तक मैं नही उठूंगी। पहले राजघाट और फिर सीधे जंतर-मंतर जा रही हूं। जय हिंद।

इसके साथ ही स्वाति ने प्रधानमंत्री को भी महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा, 'मोदी जी को पत्र। मैं आमरण अनशन करूंगी जब तक वो अपने वादे पूरे न कर दें। देश में पुलिस के संसाधन और जवाबदेही बढ़ाई जाए और फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएं। दिल्ली पुलिस को 66,000 पुलिसकर्मी तुरंत दिए जाएं और 45 फास्ट ट्रैक कोर्ट दिल्ली में स्थापित हों। दोषी को हर हाल में और तुरंत सजा दो!

बता दें कि हैदराबाद में एक महिला के साथ दुष्कर्म होने के बाद पूरे देश में आक्रोश देखने को मिल रहा है। जगह-जगह बच्चियों और महिलाओं के साथ रेप करने वाले अपराधियों को जल्द फांसी देने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले भी अपराधियों ने मासूम बच्चियों को हैवानियत का शिकार बनाया था, जिसके बाद देश के लोगों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एकजुटता देखने को मिली थी। हैदराबाद में रेप की घटना की गूंज सोमवार को संसद में देखने को मिली है। सपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री जया बच्चन ने बलात्कारियों को कड़ी सजा देने की मांग की थी।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story