राष्ट्रीय

दुनिया के सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस जलवायु परिवर्तन पर खर्च करेंगे 71 हजार करोड़ रुपये

Arun Mishra
18 Feb 2020 7:31 AM GMT
दुनिया के सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस जलवायु परिवर्तन पर खर्च करेंगे 71 हजार करोड़ रुपये
x
Jeff Bezos, world's richest man to spend 71 thousand crores on climate change

दुनिया के सबसे अमीर शख्स और दिग्गज आईटी कंपनी अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेफ बेजोस ने जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए करीब 71 हजार 419 करोड़ रुपये यानी 10 बिलियन डॉलर दान करने का एलान किया है। यह रकम उनकी कुल संपत्ति का 7.7 फीसदी है। जेफ बेजोस की संपत्ति करीब नौ लाख 28 हजार 444 करोड़ रुपये यानी 130 बिलियन डॉलर है।

बेजोस अर्थ फंड की शुरुआत

सोमवार को जेफ बेजोस ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया कि वे बेजोस अर्थ फंड की शुरुआत करेंगे। पोस्ट में बेजोस ने लिखा कि, 'आज मैं बेजोस अर्थ फंड के लॉन्च से बेहद खुश हूं। जलवायु परिवर्तन पृथ्वी के लिए एक बड़ा खतरा है। इसलिए जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए मैं अभी तक के ज्ञात तरीकों और इससे निपटने के लिए नए तरीकों दोनों के लिए काम करने का इच्छुक हूं।'

हम पृथ्वी को बचा सकते हैं - बेजोस

आगे उन्होंने लिखा कि पृथ्वी को बचाने के लिए यह पहल जलवायु वैज्ञानिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गैर सरकारी संगठनों को फंड मुहैया कराएगी। ⁣⁣हम पृथ्वी को बचा सकते हैं। इस पहल से बड़ी कंपनियां, छोटी कंपनियां, विभिन्न देश, वैश्विक संगठन और व्यक्तिगत स्तर पर सभी एकजुट होंगे।

अमेजन के कर्मचारियों ने चलाया था अभियान

बता दें कि जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए अमेजन के कर्मचारियों ने बेजोस पर पहल करने का दबाव बनाया था। इसके लिए अमेजन के 350 से अधिक कर्मचारियों ने जनवरी माह में हस्ताक्षर अभियान चलाया था, जिसमें कहा गया था कि साल 2030 तक कार्बन उत्सर्जन को शून्य के स्तर पर लाया जाना चाहिए। सितंबर 2019 में जेफ बेजोस ने साल 2040 तक कंपनी को कार्बन न्यूट्रल और साल 2030 तक 100 फीसदी नवीकरणीय ऊर्जा और 2030 तक एक लाख इलेक्ट्रिक वाहन की डिलीवरी करने की भी घोषणा की थी।

Tags
Arun Mishra

Arun Mishra

Sub-Editor of Special Coverage News

Next Story