राष्ट्रीय

काबुल में 5 स्टार होटल पर आतंकी हमला करने वाले तीनों आतंकी ढेर, 15 की मौत

Arun Mishra
21 Jan 2018 5:54 AM GMT
काबुल में 5 स्टार होटल पर आतंकी हमला करने वाले तीनों आतंकी ढेर, 15 की मौत
x
Photo : Twitter
राजधानी काबुल में इंटरकॉन्टिनेंटल 5 स्टार होटल पर शनिवार शाम को आंतकियों ने हमला कर दिया..
काबुल : अफगानिस्तान में आतंकी घटनाएं रुकने का नाम नही ले रही हैं। राजधानी काबुल में इंटरकॉन्टिनेंटल 5 स्टार होटल पर शनिवार शाम को आंतकियों ने हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकी हमले में 15 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल बताए जा रहे हैं।

स्थानीय मीडिया से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, वहां के गृह मंत्रालय ने जानकारी दी है कि कुल तीन आतंकी होटल में मौजूद थे और तीनों को ही मार गिराया गया।तकरीबन 12 घंटे चले इस ऑपरेशन के बाद 120 लोगों को बचाया गया। उनमें लगभग चालिस विदेशी नागरिक थे। काबुल में सात सालों बाद कोई ऑपरेशन इतना लंबा चला है।

सुरक्षाबलों ने होटल की पहली और दूसरी मंजिल पर अपना कब्जा कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। हमलावरों ने कईयों को होटल में बंधक भी बनाकर रखा हुआ है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पूरे इलाके में सुरक्षा मजबूत कर दी गई है।

होटल में शनिवार रात को आतंकी घुसे थे। उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ और मेहमानों पर फायरिंग शुरू कर दी थी। इस हमले को 26/11 को भारत के ताज होटल पर हुए हमले के जैसा बताया जा रहा था। तकरीबन 120 नागरिकों को बचा लिया गया है। बचने के लिए लोगों को होटल के छज्जे से कूदकर भागते भी देखा गया था।

होटल में फंसे स्टाफ के रिश्तेदारों ने बताया कि आतंकियों ने होटल के एंट्रेंस पर ही सिक्यॉरिटी गार्ड्स को मार गिराया था और वे किचन के जरिए होटल के अंदर पहुंचे थे। आतंकियों ने होटल में आग भी लगा दी थी। होटल की बिजली भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काट दी गई थी। आतंकियों को मारने के लिए सुरक्षाबल हेलिकॉप्टर के जरिए होटल की छत पर उतरे थे।
2011 में भी हुआ था आतंकी हमला -
बता दें कि इंटरकॉन्टिनेंटल होटल में यह पहली आतंकी घटना नहीं है। इससे पहले 28 जून 2011 को भी इस होटल को आंतकियों ने निशाना बनाया था। हमले में 21 लोगों की मौत हो गई थी। 5 घंटे तक बंधक संकट रहा और बाद में सभी हमलावर मारे गए थे।
Next Story