Archived

असम : PM मोदी बोले, मेरे तीन एजेंडे - विकास, तेज गति से विकास और चारों तरफ विकास

Special News Coverage
26 March 2016 7:43 AM GMT
PM Modi



तिनसुकिया (असम) : असम विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। पीएम मोदी भी इसके सिलसिले में आज 4 रैलियां कर रहे हैं। पहली चुनावी रैली तिनसुकिया में करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस के कारण असम देश के गरीब राज्यों में गिना जा रहा है। उन्होंने कहा मुझ पर असम का कर्ज है, मैं इसका विकास कर कर्ज उतारूंगा।

पीएम ने कहा कि मेरी लड़ाई राज्य के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई से नहीं, बल्कि यहां की गरीबी से है। मेरा तो तीन ही एजेंडा हैं- विकास, तेज गति से विकास और चारों तरफ विकास।

असम के सीएम पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता हैं, जो कि कुछ सालों बाद 90 साल के हो जाएंगे वे कहते हैं कि मेरी लड़ाई मोदी से है। लेकिन मैं मुख्यमंत्री महोदय से कहना चाहूंगा कि आप हमारे बुजुर्ग हैं, मैं तो आपसे छोटा हूं। मैं आपको नमन करता हूं। आपसे कोई लड़ाई नहीं लड़नी। हमारे संस्कार हैं कि छोटे बड़ों से नहीं लड़ते और बड़े छोटों को आशीर्वाद देते हैं। इसलिए मेरी बड़ों से कोई लड़ाई नहीं है। मेरी लड़ाई गोगोई से नहीं गरीबी से है। मुझे बुराईयों के खिलाफ, भ्रष्टाचार के खिलाफ, असम की बर्बादी के खिलाफ लड़ना है, मुझे किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं लड़ना। मैं बुजुर्गों को प्रणाम करता हूं, असम की भलाई के लिए मैं उनका आशीर्वाद चाहता हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव से मेरा बहुत घाटा होने वाला है। दिल्ली का नुकसान होने वाला है। व्यक्तिगत रूप से मेरा भी नुकसान होने वाला है, क्योंकि मेरी सरकार में जो उत्तम मंत्री हैं उनमें से एक हैं सर्बानंद। अब असम में लहर चल रही है कि असम में एक ही आनंद, सर्बानंद। चुनाव के बाद असम को एक नौजवान मुख्यमंत्री मिलने वाला है, यह आपका हुजूम दिखा रहा है। वो दिन दूर नहीं जब हिंदुस्तान का बच्चा पढ़ाई शुरू करेगा तो 'ए फॉर असम' पढ़ेगा।

पीएम मोदी ने एक नारा दिया, असम में एक ही आनंद, सर्बानंद। उन्होंने कहा यहां कि चाय पूरी दुनिया को हिंदुस्तान की याद दिलाता है। मैंने भी बचपन चाय पिलाते हुए गुजारा है। मेरा असम से विशेष नाता है। इसीलिए मैं चाहता कि असम का कर्ज चुका सकूं।

मोदी ने कहा, देश जब आजाद हुआ तो 5 समृद्ध राज्य थे, उनमें एक राज्य था असम। आजादी के इतने सालों बाद आज सबसे गरीब राज्यों में नाम है असम का। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, इस राज्य को गरीब बनाने का पाप किसने किया, असम को बर्बाद किसने किया। असम के युवाओं को बेरोजगार किसने बनाया। हम तो कभी सरकार में नहीं रहे। व्यापारिक दृष्टि से राज्य का सबसे महत्वपूर्ण शहर कहा जाता है। यह असम का दूसरा सबसे बड़ा शहर है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 4 चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। तिनसुकिया रैली के बाद पीएम मोदी साढ़े 12 बजे माजूली में दूसरी रैली करेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे बिहपुरिया में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। आज की चौथी और अंतिम चुनावी सभा को पीएम मोदी शाम 6 बजे जोरहाट में संबोधित करेंगे।
Next Story