राष्ट्रीय

नासा ने खोज निकाला चंद्रयान-2 का विक्रम लैंडर, क्रैश साइट से 750 मीटर दूर तलाशे 3 टुकड़े, फोटो जारी

Special Coverage News
3 Dec 2019 4:11 AM GMT
नासा ने खोज निकाला चंद्रयान-2 का विक्रम लैंडर, क्रैश साइट से 750 मीटर दूर तलाशे 3 टुकड़े, फोटो जारी
x
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर को लेकर बड़ा खुलासा किया है.

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने चंद्रयान-2 मिशन के विक्रम लैंडर को खोज निकाला है. नासा ने तस्वीर जारी करके इस बारे में जानकारी दी. हालांकि नासा ने जो तस्वीर जारी की है उसके मुताबिक विक्रम लैंडर का मलबा मिला है. यानी क्रैश लैंडिंग होने के बाद विक्रम लैंडर पूरी तरह टूट गया.

चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर की तस्वीरें नासा के LRO सैटेलाइट ने ली है. इस तस्वीर के मुताबिक 6 सितंबर को क्रैश हुआ विक्रम लैंडर कई हिस्सों में टूट गया. विक्रम लैंडर का मलबा भी कई दर्जन हिस्सों में बंट गया.

इस क्रैश लैंडिंग के असर का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि विक्रम लैंडर के टुकड़े कई किलोमीटर तक फैल गए. इसके साथ ही चांद की मिट्टी भी कई किलोमीटर दूर तक उछल गई. एक बयान में, नासा ने कहा कि उसने 26 सितंबर को साइट की एक मोज़ेक छवि जारी की थी. जनता को लैंडर के संकेतों की खोज करने के लिए आमंत्रित किया.



नासा ने बताया कि इसके बाद शनमुगा सुब्रमण्यन नाम के एक व्यक्ति ने मलबे की एक सकारात्मक पहचान के साथ LRO परियोजना से संपर्क किया. मुख्य दुर्घटनास्थल से लगभग 750 मीटर उत्तर पश्चिम में पहला टुकड़ा मिला. आपको बता दें कि सितंबर में चंद्रयान-2 मिशन में लैंडिंग के दौरान विक्रम लैंडर से भारतीय स्पेस एजेंसी इसरो का संपर्क टूट गया था.

जिसके बाद विक्रम लैंडर की क्रैश लैंडिंग हो गई थी. हालांकि उसी समय इसरो ने विक्रम लैंडर ढूंढ निकाला था लेकिन उससे दोबारा संपर्क नहीं कर पाया. अगर यह मिशन कामयाब हो जाता तो अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत चौथा ऐसा देश होता जो चांद पर पहुंच जाता.

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story