Archived

राहुल गांधी चुने गए कांग्रेस के निर्विरोध अध्यक्ष, पीएम मोदी ने दी बधाई

Arun Mishra
11 Dec 2017 2:38 PM GMT
राहुल गांधी चुने गए कांग्रेस के निर्विरोध अध्यक्ष, पीएम मोदी ने दी बधाई
x
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी का निर्विरोध तरीके से पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया है..?
नई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी का निर्विरोध तरीके से सोमवार को पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया। इस शीर्ष पद के लिए केवल राहुल ने ही नामांकन किया था। राहुल के सभी 89 नामांकन पत्र सही पाए गए। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव प्राधिकार (CEA) के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने राहुल के अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की। राहुल के 16 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभालने की संभावना है। 47 साल के राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले नेहरू-गांधी परिवार के पांचवें सदस्य हैं।

पीएम मोदी ने दी बधाई-
पीएम नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है, मोदी ने ट्वीट में लिखा, ''कांग्रेस प्रेसिडेंट चुने जाने पर राहुल गांधी को बधाई। पार्टी में उनके कामयाब टेन्योर के लिए शुभकामनाएं।''

गुलाम नबी आजाद ने कहा, ''पूरे देश को राहुल गांधी से काफी उम्मीदें हैं। कांग्रेस प्रेसिडेंट चुने जाने से पहले उन्होंने गुजरात चुनाव में काफी उत्साह दिखाया। उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का अहसास है। राहुल जी को काउंटर करने के लिए खुद पीएम मोदी अपने 80 मंत्रियों के साथ गुजरात में डेरा डाले हुए हैं।''

कांग्रेस नेता तरुण गोगोई ने कहा, ''मौजूदा सरकार में देश के हालात काफी खराब है। ऐसे में राहुल गांधी कांग्रेस प्रेसिडेंट चुने गए हैं। गुजरात चुनाव में साफ हो जाएगा कि वह अकेले कैंडिडेट हैं, जो पूरी हिम्मत के साथ नरेंद्र मोदी का सामना कर सकते हैं।''

मां सोनिया की जगह लेंगे राहुल-
राहुल अपनी मां सोनिया गांधी की जगह अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। सोनिया 19 साल तक इस पद पर रहीं। वह 1998 में कांग्रेस की अध्यक्ष बनी थीं। यह बदलाव देश की सबसे पुरानी पार्टी में नए युग का आगाज माना जा रहा है।

दिल्ली में जश्न-
दिल्ली में पार्टी मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। यहां होली और दिवाली वाला माहौल दिखा। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाया तो जमकर आतिशबाजी भी हुई। ढोल-नगाड़ों की थाप और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे के बीच नेताओं ने राहुल को शुभकामनाएं दीं।
Next Story