राष्ट्रीय

भारत की बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर रवि पुजारी सेनेगल से भारत लाया गया

Arun Mishra
24 Feb 2020 5:53 AM GMT
भारत की बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर रवि पुजारी सेनेगल से भारत लाया गया
x
एक पुलिस अफसर के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में रवि ने सहयोग किया।

भगोड़े गैंगस्टर रवि पुजारी को प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा चुका है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बेंगलुरु पुलिस के अफसर उसे अफ्रीकी देश सेनेगल से यहां लाए। पुजारी पर भारत में हत्या और जबरन वसूली के करीब 200 मामले दर्ज हैं। सोमवार दोपहर पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगेगी। एक पुलिस अफसर के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में रवि ने सहयोग किया।

पुजारी कुछ साल पहले तक माफिया डॉन छोटा राजन का सहयोगी था। राजन का साथ छोड़ने के बाद उसने अपना गैंग बना लिया। उस पर अलग-अलग कारणों से बॉलीवुड के कई स्टारों को धमकाने का आरोप है। इनमें सलमान और शाहरुख खान के अलावा गायक अरिजीत सिंह भी शामिल हैं। भारत ने सेनेगल सरकार से 2019 में पुजारी को भारत को सौंपने का अनुरोध किया था।

दक्षिण अफ्रीका के गांव से गिरफ्तार हुआ

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुजारी को पिछले साल सेनेगल पुलिस ने ड्रग तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। कुछ दिन बाद उसे जमानत मिल गई। उसने बुर्किना फासो के एंथनी फर्नांडीज के नाम पर जाली पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका भाग गया। यहां एक गांव में रहने लगा। सेनेगल पुलिस ने दक्षिण अफ्रीकी पुलिस से मदद मांगी। एक ज्वॉइंट ऑपरेशन में रवि को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे वापस सेनेगल लाया गया।

भारत को बड़ी सफलता

भारत सरकार को जैसे ही पुजारी की गिरफ्तारी की खबर मिली। उसने उसके प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू की। भारतीय दूतावास सक्रिय हुआ। अंतत: सेनेगल सरकार ने पुजारी को भारत के हवाले सौंपने का फैसला किया। 22 फरवरी की रात उसे बेंगलुरु पुलिस के दो आला अफसरों के हवाले किया गया। इसके बाद एयर फ्रांस की फ्लाइट से बेंगलुरु लाया गया।

पूछताछ में सहयोगी रवैया

न्यूज एजेंसी से बातचीत में एक पुलिस अफसर ने कहा, "पुजारी फिजिकली फिट है। औपचारिक पूछताछ हम सोमवार को शुरू करेंगे। सोमवार को उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। फिलहाल, वह जांच में सहयोग कर रहा है और हमारे सवालों का जवाब दे रहा है।"

Tags
Arun Mishra

Arun Mishra

Sub-Editor of Special Coverage News

Next Story