राष्ट्रीय

चीन में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, 100 की मौत की आशंका

चीन में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, 100 की मौत की आशंका
x
एएफपी, बीजिंग: चीन में भूस्खलन के बाद लगभग 100 लोगों के मलबे के नीचे जिंदा दफ्न हो जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस प्राकृतिक आपदा ने पूरे गांव को ही तबाह कर दिया है। बचाव कार्य शुरू हो गया है, लेकिन भूस्खलन को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।


बताया जा रहा है कि चीन के दक्षिण पश्चिमी सिचुआन प्रांत के एक गांव में आज सुबह हुए भूस्खलन में लगभग 100 लोगों के मलबे में दब गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने आपात बचाव कार्य शुरू कर दिया है। लोगों को मलबे के नीचे से निकालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी के मारे जाने की पुष्टि अधिकारियों ने नहीं की है।


इधर माओक्सियन सरकार के समाचार कार्यालय के एक बयान के मुताबिक, गांव के सटे पहाड़ का एक हिस्सा ध्वस्त होने के बाद मलबा गिरा और उसमें शीन्मो गांव के करीब 40 मकान दब गए। इससे नदी का दो किलोमीटर हिस्सा भी बाधित हो गया है। साथ ही बयान में कहा गया कि आपात सेवाएं बचाव कार्य में जुटी हैं। भूस्खलन को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। वहीं सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि अबा के तिब्बत एवं कियांग में पर्वत का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया।


बता दें कि भूस्खलन चीन के पहाड़ी ग्रामीण भागों में विशेष रूप से भारी बारिश के कारण आते रहते हैं। बारिश के दौरान हालात बेहद खराब हो जाते हैं। इससे पहले जनवरी में भी हुबेई प्रांत में एक होटल के भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी। बीते अक्टूबर में भूस्खलन व तूफान मेगी ने मूसलाधार बारिश की वजह से पूर्वी चीन को पस्त कर दिया था. जिससे काफी मात्रा में क्षति हुई थी।


Next Story